- पंजाब के गुरदासपुर जिले में पुलिस हेड कॉन्सटेबल विनोद कुमार शव संदिग्ध हालात में मिला
- मृतक का शव मानकौर बाईपास के पास मिला, परिवार ने हत्या और लूट की आशंका जताई है
- विनोद कुमार ट्रेनिंग सेंटर से घर लौट रहे थे, उन्होंने अपने भाई को बाईपास पर मिलने के लिए कहा था
पंजाब के गुरदासपुर जिले में पुलिस के एक हेड कॉन्सटेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक विनोद कुमार की गोली लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है. उनका शव भी बाईपास के पास मिला, जिसके चलते आशंकाएं तेज हैं कि आखिर उनकी मौत कैसे हुई. विनोद कुमार पुत्र सरदारी लाल का गांव मानकौर बाईपास के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भेजा गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
वहीं मृतक पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल की माता कुंती देवी और भाई राम लाल ने बताया कि उनके भाई को किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली मारी है. जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल विनोद कुमार पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से अपने घर लौट रहे थे. रात करीब 9:15 बजे उसने अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पुराना शाला के नजदीक पहुंच गया है. उसने अपने भाई से कहा कि वह करीब 15 मिनट बाद बाईपास पर आकर उसे ले जाए. लेकिन जब उसका भाई उसे लेने के लिए बाईपास पर पहुंचा तो विनोद वहां नहीं मिला. इसके बाद परिवार और अन्य लोगों ने उसकी काफी तलाश की. कुछ समय बाद उसकी लाश बरामद हुई.
मृतक के भाई राम लाल और मां समेत परिवार के सदस्यों के अनुसार शव की हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विनोद को गोली मारी गई है. परिवार का यह भी कहना है कि मृतक का सामान उसके पास नहीं था. ऐसे में परिवार ने लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मृतक विनोद कुमार सुजानपुर में तैनात था. प्रमोशन के बाद वह पुलिस ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां में ट्रेनिंग के लिए गया था. उसे ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर भेजा गया था और वह देर रात संगरूर से वापस लौट रहा था. विनोद कुमार अपने पीछे दो छोटे बच्चे राघव 9 वर्ष और रिंस 5 वर्ष को छोड़ गए हैं.
एक कार की लूट से भी गुरदासपुर-जम्मू हाइवे पर अलर्ट
इस बीच एक और घटना पंजाब में ही सामने आई है. पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे सुजानपुर के पास पड़ते डाउनटाउन इलाके में हथियारबंद बदमाश गनपॉइंट पर सफेद महिंद्रा XUV500 गाड़ी की लूट कर फरार हो गए. लूटी गई कार का नंबर PB35AA-9902 है, बमियाल निवासी व्यक्ति के नाम पर यह कार दर्ज है. पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इंटर-स्टेट बॉर्डर पर अलर्ट जारी कर दिया है, जिसके चलते गुरदासपुर-जम्मू-अमृतसर नेशनल हाईवे बाबरी बाईपास हाईटेक नाके पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है और आने जाने वाले वाहनों की जांच की जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं