विज्ञापन

'वोट दो, दुल्हन लो', हरियाणा में BJP विधायक ने कुंआरे वोटरों को दी शादी की गारंटी

मंच से विधायक बिमला चौधरी के इस "वैवाहिक चुनावी वादे" को सुनकर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं. देशराज सिंह की रिपोर्ट.

'वोट दो, दुल्हन लो', हरियाणा में BJP विधायक ने कुंआरे वोटरों को दी शादी की गारंटी
मंच पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव
NDTV

हरियाणा की राजनीति अपनी बेबाकी और चुटीले अंदाज के लिए जानी जाती है. इसी सिलसिले में एक और कड़ी रेवाड़ी से जुड़ गई है. रेवाड़ी में नगर परिषद के चुनाव में बीजेपी की एक महिला विधायक बिमला चौधरी ने प्रचार के दौरान एक ऐसा वादा कर दिया है जिसे सुन हर कोई मुस्कुरा रहा है. हरियाणा की पटौदी सीट से एमएलए बिमला चौधरी ने कहा है कि अगर कुंवारे वोटर उनकी पार्टी को वोट देते हैं तो वो उनकी शादी करवा देंगी. उनकी यह बात सुनकर पूरी जनसभा खिलखिला उठी और वहां मौजूद हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं.

रेवाड़ी में नगर परिषद के चुनाव प्रचार के दौरान ​बीजेपी की ओर विनीता पीपल अध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं. उनके समर्थन में आयोजित एक जनसभा के दौरान पटौदी की भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने मंच से एक ऐसा ऐलान किया, जिसे सुनकर जनता अपनी हंसी नहीं रोक पाई. ​

पटौदी विधायक का चुनावी वादा

गोल चक्कर पर आयोजित इस सभा में बिमला चौधरी ने कुंवारे मतदाताओं को सीधा लुभाते हुए कहा, "पहले वोट करो, फिर शादी करवाओ. भाजपा के पक्ष में वोट करने के बाद रेवाड़ी का कोई भी बच्चा कुंवारा नहीं रहेगा. मैं सभी कुंवारे बच्चों की शादी करवाऊंगी."

​विधायक ने इस वादे के पीछे अपना 'पलवल कनेक्शन' भी जोड़ा. उन्होंने भावुक और मजाकिया लहजे में कहा कि वह पलवल की बेटी हैं और रेवाड़ी में पलवल की बेटियों का काफी रिश्ता-नाता रहा है. उन्होंने इसी रिश्ते की दुहाई देते हुए युवाओं को शादी का भरोसा दिलाया.

पटौदी की विधायक बिमला चौधरी अपने चुटीले अंदाज के लिए मशहूर हैं

पटौदी की विधायक बिमला चौधरी अपने चुटीले अंदाज के लिए मशहूर हैं
Photo Credit: NDTV

मंत्री ने भी ली चुटकी

​मंच पर उस समय प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी मौजूद थीं. विधायक बिमला चौधरी के इस "वैवाहिक वादे" को सुनकर आरती राव भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं. उन्होंने चुटकी लेते हुए मंच से ही कह दिया,"​"बिमला चौधरी ने तो अब मैरिज ब्यूरो ही खोल दिया है!"

उनकी ​इस टिप्पणी के बाद पूरी सभा ठहाकों से गूंज उठी. जहां एक तरफ चुनाव में विकास और बिजली-पानी के वादे होते हैं, वहीं रेवाड़ी की इस सभा में 'वोट के बदले ब्याह' का यह अनोखा फार्मूला सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है.

ये भी पढ़ें-: ब‍िहार: हल्दी की रस्म के दौरान दूल्‍हे को सांप ने डंसा, मौत से मातम में बदली खुश‍ियां

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com