- मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था
- फायरिंग में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए जबकि उनका ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए थे
- लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी ली और सलमान के साथ काम करने वालों पर हमला करने की धमकी दी
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर 2026 की शाम मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क इलाके में फायरिंग हुई है. फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. हमले में अभिनेता टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए हैं. उनका ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हुए हैं. अज्ञात हमलावरों ने वारदात को कैसे अंजाम दिया और उसके बाद वहां के हालात कैसे थे? टाइगर श्रॉफ के दोस्त करणवीर मेहरा ने एनडीटीवी से बातचीत में आंखोंदेखी बयां की है.
करणवीर मेहरा ने बताया कि उनकी कार टाइगर श्रॉफ की कार के पीछे चल रही थी. जैसे ही वे गेट से बाहर निकले, उन्होंने देखा कि टाइगर श्रॉफ की कार पर अचानक फायरिंग हुई है. ड्राइवर घायल हो गया था. वे तुरंत टाइगर के पास पहुंचे और घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे.
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ड्राइवर जल्द स्वस्थ हो जाएगा. वहां लोगों की काफी भीड़ थी, जो फुटबॉल मैच देखने आई थी. आतिशबाजी के साथ वहां जश्न भी मनाया जा रहा था. घटना जमनाबाई फुटबॉल ग्राउंड के पास की है.
करणवीर मेहरा ने कहा कि वह टाइगर को लंबे समय से जानते हैं. टाइगर सभी के प्रति सम्मान रखते हैं. फायरिंग की घटना के बाद उनकी टाइगर से बात हुई है और वह सुरक्षित हैं. बता दें कि टाइगर श्रॉफ और करणवीर मेहरा एक साथ फुटबॉल खेलते हैं.
"I was standing right behind": Actor Karan Veer Mehra (@KaranVeerMehra) recounts attack on Tiger Shroff @AnushaSoni23 https://t.co/3ep58jtkM0
— NDTV (@ndtv) October 18, 2026
उल्लेखनीय है कि टाइगर पर फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उस पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग हमला करेगी.
आरोपियों की तलाश में मुंबई पुलिस की टीमें रवाना
बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ पर तीन अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की है. उनकी तलाश में मुंबई पुलिस की 15 टीमों को रवाना किया गया है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है. जांच में कपड़ों के आधार पर संदिग्ध के घटनास्थल पर मौजूद होने का सुराग मिला है. कुर्ला, बांद्रा, कल्याण और दादर रेलवे स्टेशनों के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं. एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों से पूछताछ की है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने टाइगर श्रॉफ से भी प्राथमिक पूछताछ की है.
यह भी पढ़ें- मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी; एक संदिग्ध हिरासत में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं