- तमिलनाडु के थेनी जेल से 17 कैदी पुलिसकर्मी पर हमला कर फरार हो गए, एक पुलिसकर्मी घायल हुआ
- फरार हुए 17 कैदियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी 16 की तलाश जारी है
- पुलिस ने फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें गठित कर पड़ोसी जिलों में 16 चेक पोस्ट बनाए हैं
तमिलनाडु के थेनी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. थेनी सब-जेल में बंद 17 कैदी सोमवार देर रात एक पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर हमला कर वहां से फरार हो गए. ये जानकारी अधिकारियों के हवाले से सामने आई है. हालांकि 17 में से 1 फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी 16 की तलाश की जा रही है. फरार कैदियों को खोजने और पकड़ने के लिए पुलिस की 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं.
दक्षिण क्षेत्र के IGP विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान एक फरार कैदी अरेस्ट कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद सुरक्षा टीमें गाड़ियों की सख्ती से जांच कर रही हैं. डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने ANI को बताया कि एहतियात के तौर पर पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं.
पुलिसकर्मी के सिर पर हमलाकर 17 कैदी फरार
पुलिस ने बताया कि सभी 17 आरोपी जेल के एक ही सेल में बंद थे. जानकारी के मुताबिक, जब जेल का कर्मचारी एक कैदी के बीमार होने की खबर पर उससे मिलने सेल के अंदर गया, तो कैदियों ने उस पर हमला किया और वे जेल से फरार हो गए. इस हमले में थेनी जिला जेल से जुड़े ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट लगी है. उनको इलाज के लिए विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक,इस घटना में जेल के दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं.
16 चेक पोस्ट बनाकर कैदियों को पकड़ने की कोशिश
जेल से 17 कैदियों के फरार होते ही पड़ोसी जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया. वहां पर भी हाई अलर्ट घोषित है. इडुक्की, मदुरै और डिंडीगुल जिलों की पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई है. उनके साथ फरार आरोपियों की पहचान में मदद के लिए उनकी तस्वीरें शेयर की गई हैं. मामले की जांच चल रही है. पुलिस की टीमें फरार कैदियों को खोजने और पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई हैं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-गुवाहाटी के होटल में ताबड़तोड़ गोलीबारी, एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 5 की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं