- सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में मुसलमानों ने भाजपा को बड़ा समर्थन दिया है
- अधिकारी के अनुसार रेजीनगर में 60 प्रतिशत और नंदीग्राम में 80 प्रतिशत मुस्लिम वोट भाजपा को प्राप्त हुए हैं
- भाजपा को नंदीग्राम सीट पर बड़े अंतर से और रेजीनगर में भी स्पष्ट बहुमत मिला है जो पिछले चुनाव से ज्यादा है
पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी का दावा है कि नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में मुसलमानों का बड़ा वोट भाजपा को मिला है. उनका कहना है कि भाजपा को मुसलमानों ने अपने हमदर्द के तौर पर देखा है और हमें वोट दिया है. उन्होंने कहा कि रेजीनगर में 60 फीसदी मुस्लिम वोट हमें मिलाहै और नंदीग्राम में 80 पर्सेंट मुसलमानों का वोट हमें हासिल हुआ है. उन्होंने कहा कि मुसलमानों का हमें इतनी बड़ी संख्या में समर्थन इसलिए मिला है क्योंकि वे सरकार के साथ रहना चाहते हैं. भाजपा को नंदीग्राम सीट पर 1,22,753 वोटों से जीत मिली है. इसके अलावा रेजीनगर में पार्टी ने 75,816 मतों से विजय पाई है.
यह बड़ी विजय है क्योंकि बीते साल ही हुए विधानसभा चुनाव में खुद शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम से 9 हजार वोटों से ही जीत मिली थी. इस लिहाज से यह जीत काफी बड़ी है. माना जा रहा है कि इसकी वजह राज्य में भाजपा की सरकार होना भी है. अधिकारी ने सचिवालय में बताया कि नतीजे बता रहे हैं कि मुसलमानों के बीच भाजपा को लेकर नजरिया बदला है. उन्होंने कहा कि हम रेजीनगर जीत रहे हैं क्योंकि वहां मुसलमानों ने हमें वोट दिया है. उन्होंने हमें दोस्त माना है और वे समझ रहे हैं कि वे कौन लोग थे, जो उन्हें भ्रमित कर रहे थे. उनका कहना था कि अन्नपूर्णा योजना के चलते भी भाजपा को फायदा मिला है.
अधिकारी ने कहा कि भविष्य में हमें इन सीटों पर 60 फीसदी तक वोट मिलेगा. उन्होंने कहा कि उपचुनाव शांतिपूर्ण रहे हैं और काफी अच्छे माहौल में हुए हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जब से आई है, बंगाल में तब से शांति है. इससे बांग्ला भाषी मुसलमानों को समझ में आया है कि भाजपा कैसे काम करती है. उन लोगों के मन से वह डर खत्म हुआ है. जो कुछ लोगों ने उनके मन में पैदा किया था. अब उन्हें चीजें सही लग रही हैं तो उन्होंने हमें वोट दिया है. अब बंगाल के हालात बदल रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं