नई दिल्ली:
भाजपा ने मल्टी ब्रांड खुदरा में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को लेकर कांग्रेस तथा सरकार के बीच मतभेद का आरोप लगाते हुए इस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा महासचिव राहुल गांधी को चुनौती दी कि इस मुद्दे पर वे अपने विचार सार्वजनिक करें। लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा, कांग्रेस ने खुदरा क्षेत्र में एफडीआई पर अपने विचार स्पष्ट नहीं किए हैं। इसका मतलब है कि इस मामले में कांग्रेस के भीतर, संप्रग घटक दलों और सरकार में मतभेद हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस बारे में अपने विचार सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल में संपन्न युवा कांग्रेस के अधिवेशन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने खुदरा क्षेत्र में एफडीआई के निर्णय का बचाव किया लेकिन सोनिया और राहुल ने इस मामले में चुप्पी साधे रखी। सुषमा ने कहा कि कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता, उसके अध्यक्ष या किसी भी महासचिव ने एफडीआई के निर्णय का बचाव नहीं किया है। अभिषेक सिंघवी जैसे कांग्रेस के प्रवक्ता ने सरकार के निर्णय की पैरवी जरूर की है लेकिन पार्टी में उनका कोई खास कद नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे साफ संकेत मिलते हैं कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता सरकार के इस फैसले से सहमत नहीं हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
सुषमा स्वराज, रिटेल, एफडीआई, किराना, खुदरा, व्यापार, कांग्रेस, सोनिया गांधी, Sushma, FDI