विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2025

3 वीडियो, नया हथियार और एक नया किरदार... सोनम केस में आए ये नए ट्विस्ट

Raja Raghuvanshi Murder Case: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बुधवार को कई अहम अपडेट सामने आए. सोशल मीडिया पर कई वायरल वीडियो चर्चा में रहे तो एक नए शख्स की भी इस मामले में एंट्री हुई, जिससे सोनम घंटों बातें किया करती थी. इसके अलावा राजा की हत्या में इस्तेमाल एक और हथियार का राज पुलिस ने खोला है.

3 वीडियो, नया हथियार और एक नया किरदार... सोनम केस में आए ये नए ट्विस्ट
नई दिल्ली:

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस इस सनसनीखेज घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है. इस बीच सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. राजा की हत्या में एक नहीं, दो हथियार इस्तेमाल हुए थे. पुलिस ने दूसरा हथियार भी बरामद कर लिया है. इसके अलावा इस पूरा मामले में एक नए शख्स की भी एंट्री हुई है, जिससे सोनम घंटों बातें किया करती थी.

एक महीने में 234 कॉल, कौन हैं संजय वर्मा?

मेघालय पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोनम रघुवंशी एक संदिग्ध युवक संजय वर्मा से फोन पर घंटों बातें किया करती थी. 1 मार्च से लेकर 25 मार्च के बीच सोनम ने संजय वर्मा को 234 बार कॉल की थी. अब देखने की बात ये है कि संजय वर्मा कौन हैं और राजा रघुवंशी मामले में क्या उनका कोई रोल था? संजय वर्मा को कॉल करने पर फिलहाल उनका नंबर स्विच ऑफ जा रहा है. 

किसके गले लगकर रोई थी सोनम?

सोशल मीडिया पर सोनम रघुवंशी की शादी के बाद विदाई का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. यह वीडियो 11 मई 2025 को इंदौर में राजा और सोनम की शादी के बाद विदाई का बताया जा रहा है. वीडियो में सोनम रघुवंशी विदाई के दौरान फूट-फूटकर रोती नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि जिस शख्स से वह लिपटकर रो रही थी, वह उसका कथित बॉयफ्रेंड राज कुशवाह था. हालांकि ये सच नहीं है. बताया जा रहा है कि वह युवक राज कुशवाहा नहीं बल्कि सोनम का भाई गोविंद रघुवंशी था, जिसके गले लगकर सोनम रो रही थी.

राजा के बैग का शिलॉन्ग कनेक्शन

सोनम और राजा से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया है. यह सीसीटीवी का वीडियो है. इसमें राजा रघुवंशी इंदौर में अपने घर से बाहर निकलते दिख रहे हैं. ये वीडियो हनीमून पर जाने से पहले का बताया जा रहा है. इस वीडियो में राजा एक स्कूटी पर बैठकर जाते दिख रहे हैं. राजा के हाथ में सफेद रंग का एक बैग दिखाई दे रहा है. ये वही बैग है, जो शिलॉन्‍ग में सोनम के साथ होटल में जाते वक्त भी दिखा था. यहां राजा और सोनम को होटल की बुकिंग फुल होने के कारण रूम नहीं मिल पाया था. 

हनीमून के लिए घर से निकलते वक्त राजा के हाथ में सफेद रंग के बैग का शिलॉन्ग कनेक्शन सामने आया है.

हनीमून के लिए घर से निकलते वक्त राजा के हाथ में सफेद रंग के बैग का शिलॉन्ग कनेक्शन सामने आया है.

शादी के वचन से मुकर गई सोनम

सोनम और राजा की शादी का एक और वीडियो खूब वायरल हो रहा है. 3 मिनट लंबे इस वीडियो में सोनम और राजा स्टेज पर खड़े हैं. उनके साथ एक एंकर भी है, जो उनसे शादी के वचन निभाने को कहता है. वीडियो में दिखता है कि राजा हर वचन निभाने के लिए तैयार नजर आते हैं, वहीं सोनम किसी भी वचन के लिए हामी नहीं भरती. एंकर सोनम से कहता है कि आप राजा के दोस्तों के साथ घूमने, कहीं भी पार्टी करने, कहीं भी मुंह काला करने, कुछ भी करने के लिए मना नहीं करेंगी. सोनम हर वचन के लिए मना कर देती है. इस पर एंकर राजा रघुवंशी से कहता है कि राजा भाई आप तो गए...

दो हथियार से हुई थी राजा की हत्या

राजा हत्याकांड में एक अपडेट ये है कि उनकी हत्या में एक नहीं बल्कि दो हथियार इस्तेमाल हुए थे. हत्या में इस्तेमाल एक डाव (machete) को मेघालय पुलिस ने 2 जून को ही बरामद कर लिया था. मंगलवार को क्राइम सीन के रीक्रिएशन के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया था कि दूसरा डाव उन्होंने खाई में फेंक दिया था. बाद में पुलिस ने खोजबीन करके दूसरा डाव भी बरामद कर लिया. पुलिस के मुताबिक, राजा पर पहला वार विशाल ने किया था, दूसरा वार आनंद ने और उसके बाद आखिरी वार आकाश ने किया था.

आपको बता दें कि राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था.सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आठ जून को देर रात आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि कुशवाह समेत चार आरोपियों को मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया था.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raja Raghuvanshi Updates, Raja Murder Latest Updates, Raja Raghuvanshi, Raja Raghuvanshi Murder Case, Sonam Raghuvanshi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com