विज्ञापन

चिराग पासवान के विधायक के घर पर पुलिस की रेड, पूरा मामला क्या है?

दावा किया जा रहा है कि इस मामले में विधायक और उनके भाई सोनू सिंह की भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस ने सोनू सिंह की तलाश में विधायक के आवास पर दबिश दी थी.

चिराग पासवान के विधायक के घर पर पुलिस की रेड, पूरा मामला क्या है?
मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन
NDTV

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन हुआ है. जमीन विवाद के मामले में सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पुलिस ने रेड डाली है.

छापेमारी के दौरान तीन डीएसपी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पूरी कार्रवाई का नेतृत्व मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा कर रहे थे. दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहा डीह का बताया जा रहा है. दो दिन पहले लोजपा का झंडा लगी कई गाड़ियां जेसीबी के साथ विवादित जमीन पर पहुंची थीं.

अब आरोप यह है कि जेसीबी की मदद से 50 से ज्यादा लोगों की जमीन पर बनी बाउंड्री और मकानों को तोड़ दिया गया. जमीन मालिकों ने जब इस कार्रवाई का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई. इस मामले में अब तक 13 लोगों ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है.

अब पुलिस ने विधायक अमित कुमार रानू के अहियापुर स्थित आवास पर भी छापेमारी की है. पुलिस सुबह-सुबह तीन डीएसपी और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ विधायक के घर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था.

दावा किया जा रहा है कि इस मामले में विधायक और उनके भाई सोनू सिंह की भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस ने सोनू सिंह की तलाश में विधायक के आवास पर दबिश दी थी. हालांकि, पुलिस वहां पहुंच पाती, उससे पहले ही सोनू सिंह वहां से फरार हो गया.

इस छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा कर रही थीं. वहीं, पूरी कार्रवाई की निगरानी एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा की गई थी. छापेमारी के बाद एसएसपी खुद पुलिस काफिले के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे. उन्होंने ना सिर्फ पीड़ित लोगों से मुलाकात की बल्कि उनके बयान दर्ज किए.

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के मुताबिक तीन दिन पहले अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहा डीह में विधायक के भाई सोनू सिंह के साथ कुछ लोग विवादित प्लॉटिंग वाली जमीन पर पहुंच गए थे. आरोप है कि वहां जेसीबी की मदद से दो दर्जन से ज्यादा बाउंड्री वॉल और घरों को तोड़ने का काम किया गया.

इसके बाद 13 लोगों ने अहियापुर थाने भी तत्काल प्रभाव से प्राथमिकी दर्ज कराई. इसमें सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा विधायक अमित कुमार रानू पर भी गंभीर आरोप लगाए गए. एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट लिया था. इसके बाद ही सुबह विधायक के आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. खबर है कि पुलिस को विधायक के घर से हस्ताक्षर किया हुआ एक संदिग्ध स्टांप पेपर भी मिला है जिसकी जांच की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Chirag Paswan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com