कासगंज:
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विधेयक का विरोध करने के लिए मुख्यमंत्री मायावती को जहां आड़े हाथों लिया और कहा कि इस कानून के अमल में आ जाने के बाद देश में कोई भी गरीब भूखा नहीं सोएगा। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उत्तर प्रदेश में केवल जाति और धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। एटा के कासगंज कस्बे में पार्टी की एक रैली को सम्बोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "मायावती ने कभी अपनी आंखों से भूखे लोगों को नहीं देखा। वह कभी गांवों में नहीं गईं। बिना सोचे-समझ्झे एक मिनट में कहती हैं कि इस खाद्य सुरक्षा कानून से किसी को फायदा नहीं होगा। मैं कहता हूं कि पूरे हिंदुस्तान को फायदा होगा। इस कानून के बाद हिंदुस्तान में कोई गरीब भूखा नहीं सोएगा।" मायावती सरकार पर विकास के लिए भेजे गए केंद्र के पैसे में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा, "हम विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के जरिये हजारों करोड़ रुपये आपके लिए भेजते हैं, लेकिन सारा पैसा लखनऊ में बैठा 'हाथी' खा रहा है, जिसे मायावती ने जादू करके बनाया है।" उन्होंने कहा, "पिछले 22 साल से उत्तर प्रदेश में हर कोई सिर्फ जाति और धर्म की राजनीति कर रहा है। गरीबी, बेरोजगारी दूर करने और विकास की बात कोई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हिंदुस्तान का सबसे बड़ा प्रदेश है, जब तक यह नहीं जागेगा..देश आगे नहीं बढ़ेगा।" राहुल ने कहा, "आपने अन्य दलों को 22 साल दिए। क्या मिला आपको... कुछ नहीं। अब पांच साल कांग्रेस पार्टी को दीजिए, यहां बदलाव की शुरुआत हो जाएगी। दस साल में सूरत ऐसी बदलेगी कि आप अपने प्रदेश को पहचान नहीं पाएंगे। हम उत्तर प्रदेश में हर वर्ग की सरकार बनाना चाहते हैं।"
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
गरीब, भूखा, राहुल