विज्ञापन

अमेरिका में राहुल गांधी उठाएंगे ईरान युद्ध और छात्र आंदोलनों का मुद्दा, विदेश नीति पर भी रखेंगे राय

कोलंबिया विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम का आयोजन उसके सुरक्षा और वैश्विक खतरों से जुड़े अध्ययन विभाग द्वारा किया जा रहा है.

अमेरिका में राहुल गांधी उठाएंगे ईरान युद्ध और छात्र आंदोलनों का मुद्दा, विदेश नीति पर भी रखेंगे राय
राहुल गांधी अमेरिका में भाषण देंगें.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगले सप्ताह अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं. 16 नवंबर की रात वह अमेरिका के लिए रवाना होंगे. इस यात्रा के दौरान वह दो प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्रों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा करेंगे. राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर होने वाले ये कार्यक्रम भारत में भी चर्चा का विषय बन सकते हैं.

कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद

राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय पहुंचेंगे. यहां वह “वैश्विक छात्र आंदोलनों और लोकतंत्र” विषय पर छात्रों के साथ संवाद करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वह दुनिया में छात्र आंदोलनों की भूमिका के साथ भारत में हाल के वर्षों में हुए युवा और विपक्षी प्रदर्शनों का भी उल्लेख कर सकते हैं. राहुल गांधी लंबे समय से युवा भागीदारी और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय खुलकर रखते रहे हैं. ऐसे में यह कार्यक्रम खास महत्व रखता है.

शिकागो में ईरान युद्ध पर चर्चा

दौरे के दूसरे दिन यानी 18 नवंबर को राहुल गांधी शिकागो विश्वविद्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. यहां चर्चा का विषय होगा “ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका”. विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम का आयोजन उसके सुरक्षा और वैश्विक खतरों से जुड़े अध्ययन विभाग द्वारा किया जा रहा है. राहुल गांधी इस मंच से ईरान युद्ध के बीच भारत की विदेश नीति के सामने मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखेंगे और श्रोताओं के सवालों का जवाब भी देंगे.

राजनीतिक हलकों में बढ़ी दिलचस्पी

राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखते रहे हैं. कई बार उन्होंने विदेशों में आयोजित कार्यक्रमों में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना भी की है. ऐसे में अमेरिका यात्रा के दौरान चुनावी व्यवस्था, लोकतंत्र, विदेश नीति और पश्चिम एशिया की स्थिति पर उनके बयान भारतीय राजनीति में नई बहस छेड़ सकते हैं. दोनों कार्यक्रम अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर में होंगे. उस समय भारत में आधी रात होगी.

यह भी पढ़ें | 'बिलॉन्गिंग' अब बड़े पर्दे पर, सोनिया गांधी की जिंदगी पर अब बनेगी फिल्म

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Columbia University, University Of Chicago
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com