विज्ञापन

पंजाब में पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या, जमीन विवाद क था मामला, अब कांग्रेस ने AAP पर उठाए सवाल

परिजनों का दावा है कि जमीन विवाद के कारण नवतेज सिंह की हत्या की गई. वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान तथा कथित जमीन विवाद के एंगल की जांच शुरू कर दी है.

पंजाब में पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या, जमीन विवाद क था मामला, अब कांग्रेस ने AAP पर उठाए सवाल
नवतेज सिंह का पीछा कर हमलावरों ने 13 गोलियां मारी.
NDTV

पंजाब के लुधियाना में 60 साल के पूर्व गांव प्रधान (सरपंच) नवतेज सिंह उर्फ नीतू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी कार का पीछा किया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मृतक के परिवार ने इस हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताते हुए नवतेज सिंह के भाई समेत आठ लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है.

जानकारी के अनुसार, नवतेज सिंह उर्फ नीतू शनिवार को लाधूवाल इलाके से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो लोगों ने उनकी टोयोटा इनोवा का पीछा किया. आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर 13 राउंड फायर किए. गोलीबारी की यह पूरी घटना उनकी इनोवा में लगे डैशकैम में भी रिकॉर्ड हो गई.

अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

गंभीर रूप से घायल नवतेज सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में शोक की लहर फैल गई.

मृतक के बेटे आलमजीत सिंह ने अपने पिता की हत्या को सुनियोजित साजिश करार दिया है. उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में अपने चाचा पाल सिंह, उनके परिवार के सदस्यों और वर्तमान गांव प्रधान समेत कुल आठ लोगों के नाम लिए हैं.

आलमजीत सिंह का कहना है कि उनके परिवार और आरोपित पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस मामले से जुड़े कई केस अभी अदालत में विचाराधीन हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के चलते उन्हें और उनके पिता को पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं.

जमीन विवाद बना मौत की वजह

परिजनों का दावा है कि इसी जमीन विवाद के कारण नवतेज सिंह की हत्या की गई. वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान तथा कथित जमीन विवाद के एंगल की जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल पुलिस डैशकैम फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूतों और शिकायत में नामजद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

आम आदमी पार्टी पर विपक्ष का वार

कांग्रेस नेता और पंजाब में नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाते हुए एक्स पर लिखा, "एक पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या पंजाब में बिगड़ते लॉ-एंड-ऑर्डर की हालत की एक और डरावनी याद दिलाती है. क्रिमिनल्स के हौसले बुलंद दिख रहे हैं, जबकि सरकार अपने लोगों को बेसिक सिक्योरिटी भी नहीं दे पा रही है. पंजाब को ऐसा राज्य नहीं बनने दिया जा सकता जहां डर ही न्यू नॉर्मल बन जाए. सीएम भगवंत मान को जवाब देना चाहिए. लॉ एंड ऑर्डर के इस पूरी तरह से बिगड़ने के लिए कौन जिम्मेदार है और पंजाब के लोगों की सुरक्षा कौन करेगा?"

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Punjab News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com