मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है. मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने आकाशवाणी भवन में 8 घंटे तक धरना दिया था, लेकिन अब बुधवार को सभी सांसद जंतर-मंतर की ओर कूच कर रहे हैं. लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने सांसदों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही रोक दिया है.
सांसदों को हिरासत में लिया जा रहा है. इसी बीच प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के लिए जब पुलिस आई, तब वह जमीन पर लेट गईं. लेटे-लेटे ही उन्होंने नारेबाजी की. हालांकि, पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में ले लिया है.
जमीन पर लेटे-लेटे प्रियंका गांधी ने कहा, 'ये उन सांसदों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं जो बस चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं. ये हमारे साथ ऐसा ही बर्ताव करते हैं. वे सांसदों को पीट रहे हैं. पुलिसवालों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है. उन्होंने हमें जमीन पर पटक दिया. अब हम यहां से नहीं हटेंगे. वे अपनी फोर्स को वापस बुला लें. मैं यहां से नहीं हटूंगी.'
#WATCH | Delhi Police personnel remove Congress MP Priyanka Gandhi Vadra from the site near Jantar Mantar where the INDIA bloc MPs have been stopped from going ahead to the protest site. The MPs are now being detained by the Police. (Video: Congress) https://t.co/ZBX8h5HbKH
— ANI (@ANI) October 7, 2026
हालांकि, पुलिस और सुरक्षाबलों ने प्रियंका गांधी वाड्रा को वहां से हटा दिया और हिरासत में ले लिया. पुलिस ने राहुल गांधी को भी हिरासत में ले लिया है. सभी विपक्षी सांसदों और प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाया जा रहा है.
जंतर-मंतर जा रहे थे विपक्षी सांसद
राहुल गांध और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे. राहुल का कहना था कि करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे लेकिन उन्हें मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई. दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया और कहा कि वहां विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा था कि अब इंडिया ब्लॉक के सांसद तय विरोध स्थल जंतर-मंतर पर जाएंगे और वहां बैठकर देश को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्होंने केंद्र सरकार के साथ मिलकर देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है.
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि इंडिया गठबंधन के सभी साथी जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे.
खरगे ने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे केंद्र सरकार है. इसलिए हम सभी विपक्षी दलों के नेता देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं