- नितिन गडकरी ने कहा कि अगले दो साल में सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता से जुड़ी सारी समस्याएं समाप्त कर दी जाएंगी
- उन्होंने कहा कि मैंने पिछले तीन से चार महीनों में लगभग आठ सौ सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की है
- गडकरी ने अधिकारियों की बेईमानी उजागर करने के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग बढ़ाने की अपील की है
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी अपनी बेबाकी के लिए चर्चित रहे हैं. अब उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता को लेकर बड़ी बात कही है और उनका दावा है कि अगले दो साल में सारी समस्याएं ही खत्म कर दूंगा. उन्होंने सीआईआई के एक इवेंट में कहा, 'मैं हर प्रोजेक्ट का रिव्यू करता हूं. ठेकेदार डर गए हैं. मैंने पिछले तीन से 4 महीने में करीब 800 प्रोजेक्ट की समीक्षा की है. मुझे सबसे ज्यादा फायदा सोशल मीडिया से मिला है. अब मैं आह्वान करता हूं कि जो भी गड़बड़ी दिखती है, उसे सोशल मीडिया पर डालिए. इससे अधिकारी कुछ छिपा नहीं सकते और वे एक्सपोज हो गए हैं.'
नितिन गडकरी ने कहा कि मेरी भाषा में कहें तो कॉन्ट्रैक्टर, अधिकारी और कंसल्टेंट आदि के कपड़े उतर गए हैं. जो भी हाथ लग जाता है, उसकी ऐसी ठुकाई करता हूं कि सब डरे हुए हैं. जहां भी बेईमानी की होगी, वहां ऐसा ठोकूंगा कि जिंदगी भर नहीं भूलेंगे. मुझे लगता है कि आने वाले दो सालों में पूरी समस्या खत्म हो जाएंगी. इस साल समस्या 30 फीसदी रह गई है और अगले साल से आएंगी ही नहीं. बैंक गारंटी जब्त कर लूंगा, अखबार में छपवा दूंगा और शेयर की कीमतें कम करा दूंगा. उन्होंने कहा कि मैंने तय किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा.
नितिन गडकरी ने इस दौरान ई-20 पेट्रोल पर भी बात की. उन्होंने कहा कि देश में 4 करोड़ कार और 20 करोड़ बाइक्स चल रही हैं. तीन महीने पहले इसे लेकर बड़ा हल्ला था, लेकिन अब सब बंद हो गया है. आप लोग बताएं कि पेट्रोल की आपकी कौन सी गाड़ी बंद हुई है. देश में कोई ऐसा दावा नहीं कर सकता. साफ है कि यह पेड प्रोपेगेंडा था. आने वाले समय में हम बायोफ्यूल पर भी काम करेंगे. उन्होंने कहा कि हम 22 लाख करोड़ रुपये सालाना ईंधन की खरीद कर रहे हैं. यदि इसमें कमी आएगी तो देश मजबूत होगा और किसानों की आय में भी इजाफा होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं