विज्ञापन
This Article is From Dec 25, 2011

फिर गरमाई अन्ना के संघ से सम्बंधों पर राजनीति

एक अखबार में अन्ना और आरएसएस के नेता रहे नानाजी देशमुख की तस्वीर क्या छपी, हजारे और संघ के सम्बंधों को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई।
नई दिल्ली: एक अखबार में गांधीवादी अन्ना हजारे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता रहे नानाजी देशमुख की तस्वीर क्या छपी, हजारे और संघ के सम्बंधों को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई। कांग्रेस के नेताओं ने अन्ना हजारे पर हमला करते हुए उन्हें संघ का एजेंट करार दिया और उनसे सफाई मांगी। इसके जवाब में टीम अन्ना ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की नानाजी देशमुख के साथ तस्वीर जारी कर दी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तो कह दिया कि कांग्रेस अपना दिमागी संतुलन खो चुकी है। दरअसल, समाचार पत्र ने हजारे एवं नानाजी देशमुख की फोटो छापकर लिखा था कि समाजसेवी, देशमुख के नेतृत्व में काम कर चुके हैं। इस पर रविवार को दिग्विजय सिंह ने हजारे को आरएसएस का एजेंट बताया था। सिंह ने ट्वीट किया, "वह संघ के साथ सम्बंधों को खारिज करते रहे हैं। अब हमें किस पर विश्वास करनी चाहिए। तस्वीर के साथ छपी सच्चाई और संघ के दावे पर या अन्ना? मैं एक बार फिर सही साबित हुआ।" बाद में पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा, "नानाजी संघ के कार्यकर्ता थे। वह कुछ दिन राजनीति में भी रहें और फिर समाज कार्य में जुट गए। मुद्दे की बात यह है कि अन्ना हजारे इस बात को स्वीकार क्यों नहीं करते।" कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने भी अन्ना हजारे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अन्ना को संघ के साथ अपने सम्बंधों पर साफगोई से पेश आना चाहिए। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वे किस विचारधारा से प्रेरित हैं। उन्हें थोड़ी ईमानदारी जरूर बरतनी चाहिए। लोगों को यह जानने का अधिकार है कि आखिर अन्ना किस विचारधारा को मानते हैं।" भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन बयानों के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने दिमागी संतुलन खो दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने पत्रकारों से कहा, "कांग्रेस ने मानसिक संतुलन खो दिया है। क्योंकि हताशा की वजह से वे व्यर्थ की बातें कर रहे हैं और ऊटपटांग प्रश्न पूछ रहे हैं जिसका उत्तर देने की कोई जरूरत नहीं है।" जावड़ेकर ने कहा, "नानाजी महान देशभक्त और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्त्ता थे जिनके साथ सभी दलों के सौहार्दपूर्ण रिश्ते थे। यहां तक कि दिग्विजय सिंह भी कई फोटो में नानाजी के साथ हैं।" इस बीच टीम अन्ना के प्रमुख सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे देश के एजेंट हैं। उन्होंने कहा, "यह जनता की लड़ाई है। वे कहते रहते हैं कि अन्ना संघ या भाजपा के एजेंट हैं। अन्ना देश के एजेंट हैं। वे लगातार बेबुनियाद आरोप लगाते रहे हैं क्योंकि उन्ना के खिलाफ उनके पास कुछ भी नहीं है।" टीम अन्ना के अन्य प्रमुख सहयोगी किरण बेदी ने एक तस्वीर जारी की जिसमें दिग्विजय सिंह नानाजी देशमुख के साथ एक मंच पर बैठे हैं। उन्होंने कहा, "किसी के साथ मंच साझा करना का क्या यह मतलब होता है वे एक-दूसरे के एजेंट हैं।"
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अन्ना, संघ, सम्बंध, राजनीति
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com