विज्ञापन
This Article is From Jun 16, 2022

राहुल गांधी ने ED से मांगा एक दिन का ब्रेक, शुक्रवार को फिर बुलाया गया, तीन दिनों में हुई 30 घंटों की पूछताछ; 10 बातें

National Herald Case : सोनिया गांधी को भी ईडी ने 23 जून को पेश होने के लिए कहा है. फिलहाल सोनिया दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में कोरोना की वजह से भर्ती हैं. राहुल पेश होने के बाद देर रात मां से मिलने भी पहुंचे थे.

इसी मामले में ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को 23 जून को पेश होने के लिए कहा है.
  1. कांग्रेस नेता राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड अखबार से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के तीसरे दिन सुबह करीब 11.35 बजे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुख्यालय दिल्ली पहुंचे थे.
  2. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय और ईडी मुख्यालय के बाहर से हिरासत में लिया गया जहां उन्होंने प्रदर्शन किया और राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए. वीडियो में उनमें से कुछ को घसीटते हुए और बसों में बिठाते हुए दिखाया गया है. अधीर रंजन चौधरी, भूपेश बघेल और पवन खेड़ा सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया.
  3. इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय में प्रवेश करने से रोककर राजनीतिक गतिविधियों को रोकने का आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ सरकार को परिणाम भुगतने होंगे.
  4. बता दें कि सोनिया गांधी कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अस्वस्थ हैं और फिलहाल सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं. वहीं कल ईडी की पूछताछ खत्म होने के बाद राहुल गांधी अस्पताल गए थे. जहां पर उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की. इसी मामले में ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को 23 जून को पेश होने के लिए कहा है. 
  5. ईडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सोमवार को 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी. इसके बाद ईडी ने उनसे मंगलवार को दोबारा पेश होने के लिए कहा था. राहुल गांधी लगातार दूसरे दिन मंगलवार सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित ईडी के मुख्यालय पहुंचे थे. उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ थीं.
  6. उनका बयान धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत कई सत्रों में दर्ज किया गया और मंगलवार की पूछताछ के बाद ईडी अब तक उनसे करीब 30 घंटे तक पूछताछ कर चुकी है और आज भी पूछताछ जारी है.
  7. वहीं कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के दूसरे दिन भी विरोध-प्रदर्शन किया. जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से सटे इलाके में धारा 144 लागू कर रखी है.
  8. कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जांचकर्ताओं ने राहुल से पूछताछ के दौरान कई अवकाश लिए.
  9. अधिकारियों के मुताबिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और गांधी परिवार से पूछताछ ईडी की जांच का हिस्सा है, ताकि ‘यंग इंडियन' और ‘एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड' (एजेएल) के हिस्सेदारी पैटर्न, वित्तीय लेन-देन और प्रवर्तकों की भूमिका को समझा जा सके.
  10. ‘यंग इंडियन' के प्रवर्तकों और शेयरधारकों में सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कुछ अन्य सदस्य शामिल हैं.दिल्ली की एक निचली अदालत द्वारा ‘यंग इंडियन' के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिए जाने के बाद एजेंसी ने पीएमएलए के आपराधिक प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज किया था. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस संबंध में वर्ष 2013 में एक शिकायत दर्ज कराई थी. स्वामी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य पर धोखाधड़ी की साजिश रचने एवं धन के गबन का आरोप लगाया था और कहा था कि यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड ने 90.25 करोड़ रुपये की वसूली का अधिकार प्राप्त करने के लिए केवल 50 लाख रुपये का भुगतान किया, जो एजेएल पर कांग्रेस का बकाया था.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Money Laundering Case, National Herald Case, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com