New Delhi:
लोकपाल में अल्पसंख्यक कोटे के लिए सरकार तैयार दिख रही है। लालू यादव और शरद यादव ने कोटे की मांग को लेकर लोकसभा में जमकर हंगामा किया था। दोनों इस बात से नाराज थे कि कोटे में अल्पसंख्यकों को जगह नहीं दी गई है। इसके बाद प्रणब मुखर्जी ने लालू यादव और शरद यादव के साथ बैठक की और भरोसा दिया कि सरकार संशोधन के जरिए लोकपाल कमेटी में अल्पसंख्यकों को आरक्षण देगी। शरद यादव ने इस मसले पर प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की है। इससे पूर्व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए प्रस्तावित लोकपाल विधेयक में अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षण की मांग को लेकर आज लोकसभा में राजद प्रमुख लालू प्रसाद तथा सपा सदस्यों ने भारी हंगामा किया जिसके चलते सदन की बैठक 12 बजे दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में एक संविधान संशोधन विधेयक पारित होने के बाद अध्यक्ष मीरा कुमार ने शून्यकाल की घोषणा की और लालू को अपनी बात रखने का मौका दिया। लालू प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दबाव में इस प्रस्तावित विधेयक से अल्पसंख्यकों को आरक्षण देने का प्रावधान हटा दिया है। इसमें अल्पसंख्यकों की घोर अनदेखी की गई है। इस पर मीरा कुमार ने लालू से कहा कि वह विधेयक में से कुछ न पढ़ें क्योंकि यह अभी पेश नहीं किया गया है। सपा सदस्य भी इसी मांग को लेकर आसन के समक्ष आ गए। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तहादुल मुसलमीन के असादुद्दीन औवेसी भी अपने स्थान पर खड़े होकर कुछ कहते सुने गए लेकिन हंगामे में उनकी बात सुनी नहीं जा सकी। अध्यक्ष ने हंगामा थमते नहीं देख बैठक कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
लोकसभा, स्थगित, दो बजे