- मुंबई से झूठे चमत्कारी बाबा रिदम पांचाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो महिलाओं को शिकार बना रहा था
- आरोपी चार साल पहले जिम ट्रेनर था और बाद में खुद को देवी द्वारा प्रेरित चमत्कारी बाबा घोषित कर ठगी करता था
- वह अघोरी कृत्यों के माध्यम से लोगों को प्रभावित करता था और इलाज के नाम पर पैसे शराब सिगरेट मांगता था
Mumbai Baba News: महाराष्ट्र के चर्चित स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और बाबा का चौंकाने वाला खुलासा सामने आ गया है. मुंबई के मालाड इलाके में पुलिस ने एक ऐसे ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है, जो अंधविश्वास के जरिए लोगों, खासकर महिलाओं को अपना शिकार बना रहा था. उसके खिलाफ दर्जनों लोगों ने काला जादू करने और विचित्र अनुष्ठान के नाम पर गुमराम करने के शिकायत की है.
जिम ट्रेनर से बना ‘चमत्कारी बाबा'
मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने मालाड (पूर्व) इलाके से आरोपी रिदम पांचाल उर्फ मॉन्टी पांचाल (37) को गिरफ्तार किया है. वह अघोरी कृत्यों और झूठे दावों के जरिए लोगों को भ्रमित कर ठगी कर रहा था. करीब चार साल पहले तक आरोपी एक जिम ट्रेनर था, लेकिन बाद में उसने खुद को चमत्कारी बाबा घोषित कर दिया. वह दावा करता था कि उस पर देवी आती है और वह भूत-प्रेत बाधा दूर कर सकता है.

mumbai fake baba monty panchal arrested after ashok kharat case
Photo Credit: Rutik Ganakwar
अघोरी कृत्य और डर का माहौल
लोगों को प्रभावित करने के लिए वह मुंह में जलती सिगरेट रखकर अघोरी कृत्य करता था. इलाज के नाम पर वह पैसे, शराब, सिगरेट, मुर्गा और बकरे का कलेजा तक मांगता था. हर गुरुवार और शनिवार को रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक उसका दरबार लगता था. वह महिलाओं और युवतियों को आधी रात में “पूजा” के नाम पर बुलाता था और संतान सुख दिलाने का दावा करता था.

mumbai fake baba monty panchal arrested after ashok kharat case Photo Credit: Rutik Ganakwar
60 से ज्यादा शिकायतें, धमकाने के आरोप
अब तक 60 से अधिक लोग उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुके हैं. आरोप है कि विरोध करने पर वह शिकायतकर्ताओं को धमकाता था और उनके घर लोगों को भेजकर डराने की कोशिश करता था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के किसी प्रभावशाली व्यक्ति से संबंध तो नहीं हैं.
FIR दर्ज, कोर्ट में पेशी आज
दिंडोशी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जादू-टोना विरोधी कानून समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस को उम्मीद है कि आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें - अशोक खरात का रहस्यलोक: मुर्गी चोर से करोड़ों का मालिक, मैथ्स में फेल अंकशास्त्री कैसे बना?
(रुतिक गणकवार की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं