विज्ञापन
This Article is From Jul 30, 2024

महाराष्ट्र : जंगल में पुलिस को जंजीरों से बंधी मिली अमेरिकी महिला, पूर्व पति पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

महिला को गोवा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया. उसका उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि वह मानसिक समस्याओं से पीड़ित है. पुलिस को उसके पास से इलाज की कुछ नुस्खे वाली पर्चियां भी मिलीं.

महाराष्ट्र : जंगल में पुलिस को जंजीरों से बंधी मिली अमेरिकी महिला, पूर्व पति पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज
मुंबई:

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के एक जंगल में 50 वर्षीय अमेरिकी महिला लोहे की जंजीरों से पेड़ से बंधी मिली जिसके बाद उसके पूर्व पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि महिला द्वारा अस्पताल में लिखे गए एक 'नोट' के आधार पर मामला दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि 'नोट' के अनुसार, महिला ने दावा किया है कि उसके पूर्व पति ने उसे यहां से करीब 450 किलोमीटर दूर तटीय सिंधुदुर्ग जिले के सोनुरली गांव के जंगल में लोहे की जंजीर से बांध दिया और खुद वहां से चला गया.

चरवाहा को जंगल में मिली महिला

शनिवार की शाम को एक चरवाहा महिला की चीखें सुनकर वहां पहुंचा. जंजीरों में जकड़ी महिला को देखकर उसने पुलिस को सूचना दी. पुलिस को महिला के पास से एक आधार कार्ड मिला, जिसमें तमिलनाडु का पता अंकित था. उसके पास से अमेरिकी पासपोर्ट की एक फोटाकॉपी भी मिली. उसकी पहचान ललिता काई के रूप में हुई है. पुलिस ने पहले बताया था कि उसका वीजा खत्म हो चुका है और वह पिछले 10 सालों से भारत में रह रही है.

गोवा के अस्पताल में चल रहा महिला का इलाज

महिला को गोवा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया. उसका उपचार कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि वह मानसिक समस्याओं से पीड़ित है. पुलिस को उसके पास से इलाज की कुछ नुस्खे वाली पर्चियां भी मिलीं. सिंधुदुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक सौरभ अग्रवाल ने कहा, "महिला द्वारा अस्पताल में लिखे गए नोट के आधार पर उसके पूर्व पति के खिलाफ हत्या का प्रयास, दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है."

महिला ने आधिराकिरक तौर पर अभी नहीं दर्ज कराया बयान

उन्होंने बताया कि आधिकारिक तौर पर अभी महिला का बयान दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा, "पुलिस महिला के आरोप और दावों की पुष्टि करने में जुटी हुई है. हम उसके द्वारा लिखे गए नोट में हर दावे और जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं." उन्होंने कहा कि पुलिस को महिला के पास मिली दवाइयों से पता चलता है कि वह किसी मानसिक बीमारी का इलाज करा रही है.

पुलिस को शक महिला मानसिक बीमारी से पीड़ित

एक अन्य अधिकारी के अनुसार, पुलिस को यह भी संदेह है कि वह 'शिजोफ्रेनिया' से पीड़ित है. उन्होंने बताया कि पुलिस दल उसके पति और अन्य रिश्तेदारों का पता लगाने के लिए फिलहाल तमिलनाडु और गोवा में हैं.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Woman Found Chained In Maharashtra Jungle, US Woman Found Chained, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com