विज्ञापन

पीएम मोदी ने जताया दुख तो राहुल गांधी ने की जांच की मांग... कोलकाता हादसे पर किसने क्या कहा पढ़ें

कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, ब‍िहार सीएम सम्राट चौधरी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने दुख जताया. सभी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. 

कोलकाता भगदड़ पर PM मोदी से लेकर ममता बनर्जी ने जताया दुख
  • कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना में सत्रह लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी कार्यक्रम स्थगित कर घायलों से मिलने के लिए अस्पताल जाने की बात कही है

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्‍टूबर 2026 की शाम को हुई भगदड़ की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. हादसे में 17 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. इन्‍होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. 

Latest and Breaking News on NDTV

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा क‍ि "कोलकाता में हुई भगदड़ बेहद पीड़ादायक है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है."

अमित शाह ने कार्यक्रम स्थगित क‍िए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा क‍ि "अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दुखद समाचार मिला. इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की. इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है. पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा. मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं." 

राहुल गांधी व खरगे ने जांच की मांग

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा क‍ि ''कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है. इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए. मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें.''  

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ''कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई कीमती जानें चली गईं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं. मैं पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह करता हूं कि वह तुरंत बचाव और मेडिकल मदद, मरने वालों और घायलों के परिवारों को पूरा मुआवज़ा, और भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए पूरी जांच सुनिश्चित करे. मैं सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें.  

ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया

ममता बनर्जी ने कहा क‍ि चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. मैं माँ दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्दी ठीक हों और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और शक्ति मिले.  

सम्राट चौधरी ने जताया शोक

सम्राट चौधरी ने कहा क‍ि "कोलकाता के चोरबागान के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं.मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं."  

तेजस्वी यादव ने जताई संवेदना

तेजस्वी यादव ने कहा क‍ि कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की हृदयविदारक घटना में 17 मौतों की खबर से मन व्यथित है. इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, शोकाकुल परिजनों को दुखद घड़ी में संबल दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. 

अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा?

अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुल‍िस, पश्चिम बंगाल पुल‍िस और सीएम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा क‍ि 'मां दुर्गा दुखी परिवारों को हिम्मत और हिम्मत दें और सभी घायलों को जल्दी और पूरी तरह ठीक होने का आशीर्वाद दें. 

यह भी पढ़ें- कोलकाता: चोरबागान भगदड़ ने दिलाई 3 बड़े हादसों की याद, जहां 60 लोगों की गई थी जान 
यह भी पढ़ें- संकरे गेट, बारिश और भारी भीड़... कोलकाता चोरबागान दुर्गा पंडाल में कैसे मची भगदड़? प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया 
यह भी पढ़ें- LIVE: कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़, 17 लोगों की की मौत, कई घायल 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata, Stampede, West Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com