चेन्नई एयरपोर्ट पर सोमवार शाम एक इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. चेन्नई से गोवा जाने वाली फ्लाइट को करीब पांच घंटे की देरी के बाद रवाना किया गया. इस दौरान सभी यात्रियों को विमान से उतारकर गहन जांच की गई.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E588 का शेड्यूल टेकऑफ शाम 5:40 बजे का था. फ्लाइट को लेकर बम की धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी में हड़कंप मच गया. धमकी की सूचना मिलते ही बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी (BTAC) की बैठक बुलाई गई.
BTAC ने शाम 6:05 बजे इस धमकी को 'स्पेसिफिक' कैटेगरी में क्लासिफाई किया, जिसके बाद प्रोटोकॉल के तहत विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया. शाम 6:55 बजे तक सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया.
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत विमान की तलाशी शुरू की, जिसमें एंटी-सैबोटाज चेक भी शामिल था. कई घंटों तक चली जांच के बाद आखिरकार विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.
चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रात 9:20 बजे बम थ्रेट रिस्पॉन्स को वापस ले लिया गया और विमान को ऑपरेशन के लिए वापस इंडिगो को सौंप दिया गया.
जांच पूरी होने के बाद फ्लाइट को रात 10:30 बजे गोवा के लिए रवाना होने की अनुमति दी गई, जो अपने निर्धारित समय से लगभग पांच घंटे लेट थी.फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है कि बम की धमकी कहां से और किसने दी थी. एयरपोर्ट पुलिस मामले की जांच कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं