विज्ञापन

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश और गर्मी, दिल्ली से लेकर MP-राजस्थान तक मौसम ले रहा अजब फिरकी

Weather Update Rain Alert: दिल्ली में जहां बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है वहीं राजस्थान और मध्यप्रदेश में गर्मी का दौर जारी है. पढ़िए मौसम विभाग का अपडेट

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश और गर्मी, दिल्ली से लेकर MP-राजस्थान तक मौसम ले रहा अजब फिरकी
  • दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से गर्मी में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन तापमान फिर बढ़ने की संभावना
  • राजस्थान के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, साथ ही तेज धूल भरी हवाओं का अलर्ट जारी
  • मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना समेत 11 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिल्ली-एनसीआर में जहां दिन में भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं शाम होते-होते घने बादल छा रहे हैं. वहीं यूपी, बिहार से लेकर राजस्थान और गुजरात तक भीषण गर्मी का दौर जारी है. इधर ओडिशा, बंगाल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी गर्मी से बुरा हाल है. इस बीच मौसम विभाग ने कल के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. एक तरफ पहाड़ों पर तूफान और बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने की संभावना है. जानिए कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली में गर्मी से हल्की राहत, अब सताएगा तापमान

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. दिन में भी बादल छाये रहे. ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से हल्की राहत मिली है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की भी संभावना जताई है. IMD के अधिकारी ने बताया कि शहर में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में गिरावट आई. IMD ने अगले कुछ दिनों तक आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान लगाया है, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 35-37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

Latest and Breaking News on NDTV

राजस्थान के कई जिलों में लू का अलर्ट

राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई और जैसलमेर में सबसे अधिक 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.  मौसम विभाग ने बताया कि बाड़मेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 43.6 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 42 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 41.2 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन चार दिन राज्य के जोधपुर संभाग व आसपास के इलाकों में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. इसके अलावा राज्य में आंधी और बारिश की भी संभावना है.

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट, लेकिन गर्मी भी करेगी परेशान

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश भर में मौसम की स्थितियों में भारी अंतर होने की जानकारी दी है. पिछले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों के कुछ अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान और बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश अन्य क्षेत्र सूखे रहे. मौसम विभाग ने 11 जिलों, जिनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज शामिल हैं, के लिए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.उत्तरी और पूर्वी जिलों में अगले दो दिनों तक आंधी-तूफान और हल्की बारिश जारी रह सकती है. वहीं, 9 और 10 मई से गर्मी की तीव्रता में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है. 10 मई से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव अगले दो दिनों में और भी ज्यादा दिखाई देगा.

उत्तराखंड के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. कल यानी 8 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. इन इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है, जबकि कुछ मैदानी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है. 9 मई को भी पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं. नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. वहीं मैदानी इलाकों में स्थिति थोड़ी सामान्य रह सकती है, लेकिन अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी रहेगी. इसके अलावा 10 मई को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

तमिलनाडु में मानसून से पहले अगले कुछ दिनों तक बारिश देखने को मिल सकती है.12 मई तक कई पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होगी. मौसम विभाग के अनुसार, मन्नार की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बना एक वायुमंडलीय चक्र राज्य भर में तेज बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है. अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा मौसम प्रणाली के कारण नीलगिरी, इरोड, कोयंबटूर, तिरुपुर और डिंडीगुल सहित कई जिलों में भारी बारिश होने की उम्मीद है. 11 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जहां आने वाले दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है. अधिकारियों ने कहा कि पश्चिमी जिलों, विशेष रूप से पहाड़ी और घाट क्षेत्रों में गरज और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

यह भी पढ़ें: Rain Alert: 3 दिन फिर आंधी-झमाझम बारिश होगी, दिल्ली-यूपी से उत्तराखंड तक मेहरबान होंगे इंद्र देव, पढ़ें मौसम का अलर्ट

(एजेंसी के इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Weather Update 2026, Weather Update Delhi, Weather Update Delhi NCR, RAjasthan Weater Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com