हरियाणा के जींद जिले में दहेज और नशा खत्म करने का संकल्प लिया गया है. जिले के नौगामा खाप के चबूतरे पर आयोजित महिला खाप पंचायत ने कथित तौर पर राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक व्यवस्था को सुधारने के लिए फैसले लिए हैं. महिला खाप नेता सुनीता दहिया की अध्यक्षता में आयोजित इस महापंचायत में 21 गांवों से आई सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया.
बैठक में महिलाओं की स्थिति, पारिवारिक मूल्यों और युवा पीढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए.
लिव-इन रिलेशनशिप को अपराध घोषित करने की मांग
इस पंचायत में 'लिव-इन रिलेशनशिप' को लेकर आपत्ति जाहिर की गई. महिला नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि इस व्यवस्था ने भारतीय परिवार प्रणाली को गहरा नुकसान पहुंचाया है. खाप का तर्क है कि लिव-इन कल्चर के कारण कई हंसते-खेलते परिवार तबाह हो चुके हैं और कई बच्चे अनाथ स्थिति में पहुंच गए हैं.
इसी वजह से खाप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि लिव-इन रिलेशनशिप कानून में तुरंत संशोधन किया जाए और इसे अपराध की श्रेणी में डाला जाए. अपनी इस मांग के लिए महिला खाप का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय कानून मंत्री और विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेगा.
दहेज और नशा मुक्त हरियाणा का संकल्प
हरियाणा को सामाजिक कुरीतियों से मुक्त कराने के लिए महापंचायत में दो मुख्य प्रस्ताव पारित किए गए. अव्वल तो हरियाणा को पूरी तरह से 'दहेज मुक्त' बनाने की घोषणा की गई है. इसके लिए खाप की महिलाएं गांव-गांव जाकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएंगी ताकि बेटियों पर किसी प्रकार का मानसिक या सामाजिक दबाव न बने.
युवाओं में तेजी से बढ़ते नशे के चलन को लेकर भी चिंता जाहिर की गई. इस दलदल से युवाओं को बाहर निकालने के लिए विशेष जागरूकता और रोकथाम अभियान चलाने का फैसला लिया गया.
परिवार, संस्कार और विवाह पर को लेकर खाप ने क्या कहा?
बच्चों के स्क्रीन टाइम और मोबाइल इस्तेमाल पर चिंता जाहिर करते हुए तय हुआ कि बच्चे माता-पिता की देखरेख में ही स्मार्टफोन का इस्तेमाल करेंगे. शादी-विवाह के फैसले पर खाप ने कहा कि लड़कियां अपनी पसंद से शादी करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन वे अपने फैसले में परिवार को जरूर शामिल करें, ताकि सामाजिक और पारिवारिक सहमति बनी रहे और पारिवारिक भाईचारा न बिगड़े.
फैसलों को लागू करने के लिए 21 महिलाओं की कमेटी गठित
इन सभी ऐतिहासिक फैसलों के लिए 21 महिलाओं की एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी नौगामा खाप के अंतर्गत आने वाले सभी 21 गांवों में घर-घर और गली-गली जाकर लोगों को इन फैसलों के प्रति जागरूक करेगी.
यह भी पढ़ें: सतलुज को दूषित करने वालों पर बड़ा एक्शन, पंजाब में पहली FIR दर्ज; हिमाचल की फैक्ट्रियों पर गाज गिरना तय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं