- जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने को 7 साल पूरे होने पर महबूबा मुफ्ती ने इसकी बहाली की मांग की
- महबूबा मुफ्ती ने धरने के दौरान उल्टा तिरंगा पकड़ा था, जिस पर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने तंज कसा
- गिरिराज सिंह ने महबूबा मुफ्ती को आतंकी करार देते हुए कहा कि वह हमेशा आतंकियों का साथ देती हैं
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म हुए 7 साल पूरे हो गए हैं. लेकिन कई दलों को ये बात अब तक रास नहीं आ रही है. पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती एक बार फिर 370 की बहाली की मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं. इस दौरान एक तस्वीर ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा. महबूबा ने अपने हाथ में उल्टा तिरंगा पकड़ा हुआ था. इसे लेकर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने उन पर तंज कसा है. गिरिराज सिंह ने कहा कि उनका ग्रुप ही गड़बड़ है.
गिरिराज सिंह ने महबूबा मुफ्ती को कहा 'आतंकी'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महबूबा मुफ्ती को आतंकी बता दिया. उन्होंने महबूबा को आतंकी कहने की वजह बताई कि वह हमेशा आतंकियों का साथ देती हैं. गिरिराज ने कहा कि जब वह थोड़े दिन बीजेपी के साथ गठबंधन में रहीं तो उनको ठीक करने की कोशिश की लेकिन वह ठीक नहीं हुईं.
'आज का दिन देश के इतिहास का महान दिन'
आर्टिकल 370 हटाए जाने के 7 साल पूरे होने के मौके को गिरिराज सिंह ने 26 जनवरी और 15 अगस्त की तरह ही देश के इतिहास का महान दिन बताया. उन्होंने कहा कि यह सरदार पटेल के एक देश, एक निशान के सपने, भारत के असंख्य लोगों के सपने को साकार करता है.
'आर्टिकल 370 कोई बहाल नहीं कर सकता'
5 अगस्त 2019 को देश के गृह मंत्री अमित शाह ने इसे हटाने में अहम भूमिका निभाई. अब देश एक निशान, एक प्रधान और एक विधान पर चल रहा है. गिरिराज ने महबूबा के आर्टिकल 370 की बहाली वाली मांग पर कहा कि कोई माइका लाल पैदा नहीं हुआ जो इसे फिर से बहाल कर सके.
ये भी पढ़ें-आर्टिकल 370 हटने के 7 साल पूरे: महबूबा मुफ्ती बोलीं- कश्मीर में हालात ठीक हुए तो सेना हटा लीजिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं