विज्ञापन
This Article is From Dec 04, 2011

नहीं रहे देव साब, अंतिम संस्कार अगले सप्ताह लंदन में

'गाइड', 'हरे रामा हरे कृष्णा' जैसी शानदार फिल्में देने वाले सदाबहार अभिनेता देव आनंद का दिल का दौरा पड़ने से लंदन में निधन हो गया।
लंदन: 'गाइड' और 'हरे रामा हरे कृष्णा' जैसी शानदार फिल्में देने वाले हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता देव आनंद का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से लंदन में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। देव आनंद के प्रबंधक मोहन चूड़ीवाला ने बताया कि देव आनंद का निधन लंदन के एक होटल में हुआ। वहां वह अपने बेटे सुनिल के साथ ठहरे हुए थे। चूड़ीवाला के अनुसार सुनील ने देखा कि देव आनंद के शरीर में हरकत नहीं है, और उंन्होंने चिकित्सक को बुलाया। चूड़ीवाला ने कहा, "चिकित्सक ने कहा कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। रात 10 बजे लंदन में उनका निधन हो गया।" हरदिल अजीज देव आनंद अपने पीछे पत्नी (पूर्व अभिनेत्री कल्पना कार्तिक), एक पुत्र एवं एक पुत्री छोड़ गए हैं। चूड़ीवाला के अनुसार, अंतिम संस्कार अगले सप्ताह लंदन में ही होगा। "मंगलवार के बाद ही लंदन में उनका अंतिम संस्कार होगा। जबतक उनकी बेटी वहां नहीं पहुंच जाती, तबतक अंतिम संस्कार नहीं होगा। फिलहाल उनका शव अस्पताल में रखा गया है।" चूड़ीवाला ने कहा कि देव आनंद की पत्नी भी बेटी के साथ लंदन जा सकती हैं। जीवन के प्रति उनकी अद्भुत दिलचस्पी और जिजीविशा तमाम लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है। देव आनंद के भांजे, चर्चित फिल्मकार, शेखर कपूर ने उनके 65 साल लम्बे फिल्मी जीवन के बारे में ट्विटर पर लिखा, "देव आनंद अपनी शर्तो पर जीए और मरे। वह हर मिनट काम करते रहे। बैठ जाते और मुस्कराते और आगे बढ़ जाते थे। उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ है।" अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने ट्विटर पर लिखा, "देव साहब के दुखद निधन की खबर के साथ सुबह आंखें खुलीं! ईश्ववर उनकी आत्मा को शांति दे! उन्होंने अपने जीवन को सम्पूर्णता में जीकर हम सभी को प्रेरित किया।" अभिषेक बच्चन ने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि इस खबर के साथ सुबह नींद खुलेगी। बहुत दुखद।" पिछले 22 वर्षों से देव आनंद का वाहन चला रहे प्रेम दुबे ने कहा कि वह सुबह से ही आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। दुबे ने कहा, "मैं ईश्वर से प्रार्थना कर रहा हूं कि उन्होंने देव आनंद के बदले मुझे क्यों नहीं उठा लिया? उन्होंने फिल्म उद्योग को पूरा जीवन दे दिया। वह अपने आप में देवता थे।" देव आनंद के एक करीबी सहयोगी, चंद्रशेखर (89) ने कहा कि उन्हें जब सुबह एक मित्र से यह खबर मिली तो वह हतप्रभ रह गये। चंद्रशेखर ने कहा, "मैं केवल यही कामना कर रहा हूं कि यह खबर झूठी हो जाए.. देव साहब ने फिल्म जगत को अपनी आत्मा समर्पित की थी और अब उन्होंने अपनी जिंदगी दे दी.. मुझे निजीतौर पर लगता है कि शायद वह अपनी हालिया फिल्म के हश्र को बर्दाश्त नहीं कर पाए।" देव आनंद ने शायद अपनी फिल्म 'हम दोनों' के गीत "मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया" के दर्शन को वास्तविक जीवन में अपना लिया था। अमिताभ बच्चन ने कहा कि एक युग का अंत हो गया, तो अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि इस महानायक को "लाखों लोग याद करेंगे और वह अपनी फिल्मों के जरिए हमेशा अमर रहेंगे।" देव आनंद ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1946 में 'हम एक दिन' से की थी। हालांकि उन्हें पहला बड़ा मौका 1948 में 'जिद्दी' में मिला था। देव आनंद 'बाजी', 'गाइड', 'ज्यूल थीफ', 'जॉनी मेरा नाम', 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'सीआईडी' और 'तेरे मेरे सपने' जैसी अपनी सुपर हिट फिल्मों के लिए भी जाने जाते हैं। अभिनेता और निर्देशक के रूप में उनकी अंतिम फिल्म 'चार्जशीट' थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थी।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
देव आनंद, निधन, बॉलीवुड, सिनेमा
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com