विज्ञापन

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी रवींद्र यादव का तबादला, अंडमान-निकोबार के DGP बने

दिल्ली पुलिस में बड़े बदलाव के तहत रवींद्र यादव को अंडमान-निकोबार भेजा गया है. कानून-व्यवस्था के दोनों जोन में खाली हुए पदों को लेकर अब नई नियुक्तियों पर नजर टिकी है.

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी रवींद्र यादव का तबादला, अंडमान-निकोबार के DGP बने

दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) रवींद्र यादव का तबादला कर उन्हें अंडमान और निकोबार का डीजीपी नियुक्त किया गया है. साथ ही दिल्ली पुलिस के कानून-व्यवस्था विंग में अहम बदलाव देखने को मिले हैं. इससे पहले स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) मधुप तिवारी को भी अरुणाचल प्रदेश भेजा जा चुका है.

एच एस धालीवाल को दिल्ली में पोस्टिंग

रवींद्र यादव के ट्रांसफर और मधुप तिवारी के पहले ही ट्रांसफर के बाद अब स्पेशल सीपी कानून व्यवस्था जोन-1 और जोन-2 दोनों पद खाली हो गए हैं. इस स्थिति में दिल्ली पुलिस के लॉ एंड ऑर्डर सेटअप में बड़ा प्रशासनिक गैप बन गया है, जिसे जल्द भरने की संभावना है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, रवींद्र सिंह यादव (IPS, AGMUT 1995) को दिल्ली से अंडमान-निकोबार भेजा गया है. वहीं हरगोबिंदर सिंह धालीवाल (IPS, AGMUT 1997) को अंडमान-निकोबार से दिल्ली में पोस्टिंग दी गई है.

कौन हैं रवींद्र यादव और धालीवाल

यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. दिल्ली पुलिस में बड़े बदलाव के संकेत दे रहा है. रवींद्र यादव और हरगोबिंदर सिंह धालीवाल दोनों ही AGMUT कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं, लेकिन उनकी पहचान और काम के क्षेत्र अलग-अलग रहे हैं. रवींद्र यादव (1995 बैच) दिल्ली पुलिस में लंबे समय तक क्राइम, ऑपरेशन और कानून-व्यवस्था से जुड़े पदों पर रहे और उन्होंने स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) के तौर पर राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई में भूमिका निभाई.

हरगोबिंदर सिंह धालीवाल (1997 बैच) को हाई-प्रोफाइल जांचों और एंटी-टेरर ऑपरेशन के लिए भी जाना जाता है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य अहम यूनिट में रहते हुए उन्होंने जिगीशा घोष मर्डर, सौम्या विश्वनाथन केस और धौला कुआं गैंगरेप जैसे मामलों को सुलझाने में भूमिका निभाई, साथ ही सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैंगस्टर व आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई में भी अहम योगदान दिया. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com