राजधानी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन यार्ड में एक ट्रेन से आए पार्सल में संदिग्ध मांस मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया. पुलिस अब इस मांस की जांच में जुटी है. दरअसल, 8 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे रेलवे विजिलेंस यूनिट, बड़ौदा हाउस से रेलवे पुलिस को इसकी सूचना मिली थी.
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के कुछ पार्सल के जरिए कथित तौर पर बीफ लाए जाने की आशंका जताई गई थी. मौके पर जांच अधिकारी और एसएचओ ने पार्सल की जांच शुरू की. इसके बाद एफएसएल टीम और पशु चिकित्स को भी बुलाया गया. जांच के दौरान कुल 20 थर्माकोल के कार्टन मिले, जिसमें मांस जैसा संदिग्ध पदार्थ भरा हुआ था. इन कार्टन का कुल वजन करीब 1,286.35 किलोग्राम बताया जा रहा है.
दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12721 से हैदराबाद रेलवे स्टेशन से ये ट्रेन दिल्ली पहुंची थी. रेलवे में इस पार्सल की बुकिंग मटन और मीट के नाम से कराई गई थी. मौके पर जीआरपी और आरपीएएफ की टीमें मौजूद हैं. एफएसएल टीम संदिग्ध मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगी.
पुलिस ने बताया कि पशु चिकित्सक की मदद से भी मांस की प्रकृति की जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि सैंपल लेने की जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संदिग्ध मांस के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि बरामद मांस किस जानवर का है. जांच रिपोर्ट के बाद इसकी पुष्टि होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं