विज्ञापन
This Article is From May 14, 2022

दिल्ली : मुंडका अग्निकांड में 29 लापता, अपनों की तलाश में दर-दर भटक रहे परिवार- 10 बड़ी बातें 

Delhi Mundka Fire: राष्ट्रीय राजधानी के पश्चिमी इलाके में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास स्थित चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में शुक्रवार शाम आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य झुलस गए.

दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है.
नई दिल्ली:
  1. मुंडका अग्निकांड के बाद अभी 29 लोग लापता बताए जाते हैं. दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल के बाहर शुक्रवार रात से बैठी महिला अपनी बेटी पूजा का पता लगाने की जद्दोहजहद कर रही है. वो बीच-बीच में फूट फूटकर रोने लगती है. पूजा ने हाल ही में सीसीटीवी कैमरा बनाने वाली कंपनी में काम करना शुरू किया था. 
  2. अपनी बहन आशा की तलाश में 24 वर्षीय वीरपाल भी पुलिसकर्मियों को उसकी तस्वीर दिखाकर थक चुका है. वीरपाल ने कहा, ''हमने कल रात से कुछ नहीं खाया है. परिवार बेहद परेशान है. केवल इतना बता दीजिये कि वो जिंदा है या नहीं?
  3. सीएम अरविंद केजरीवाल ने मुंडका अग्निकांड की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है. घायलों को भी 50-50 हजार रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा सीएम ने की है. फॉरेंसिक विभाग की टीम घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची है.
  4. उधर, दिल्ली पुलिस ने Mundka Firing मामले में IPC की धारा 304/308/120/34 के तहत केस दर्ज किया है.  कंपनी के गिरफ्तार मालिक वरुण और हरीश गोयल के पिता अमरनाथ गोयल की भी आग में झुलस कर मौत हो गई है. जिस वक्त आग लगी उस वक्त मोटिवेशनल स्पीच चल रही थी. अमरनाथ वहां मौजूद थे. आग में फंसे और निकल नहीं पाए. इससे वह काफी ज्यादा झुलस गए और उनकी मौत हो गई.
  5. इस तीन मंजिला इमारत में पहली मंजिल पर मैन्युफैक्चरिंग युनिट थी, जबकि दूसरी मंजिल पर वेयर हाउस और तीसरी पर लैब थी. सबसे ज्यादा मौत अब तक दूसरी मंजिल पर बताई गई है. हादसे के वक्त दूसरी मंज़िल पर मोटिवेशनल स्पीच चल रही थी. इस कार्यक्रम के चलते वहां ज्यादा लोग मौजूद थे. 
  6. बिल्डिंग की छत पर मकान मालिक ने अपना एक छोटा सा फ्लैट बनाकर रखा था. फायर विभाग और NDRF ने सुबह  दोबारा से अपना सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. बिल्डिंग में अभी भी तीन-चार लोगों के अभी फंसे होने की आशंका है.
  7. पुलिस  के मुताबिक कंपनी के मालिकों-हरीश गोयल और वरुण गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि मकान मालिक फरार है. उसकी पहचान मनीष लाकरा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक वह इमारत के सबसे ऊपर वाले तल पर रहता था. उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
  8. शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला कि चार मंजिला इमारत में कंपनियों को ऑफिस स्पेस मुहैया कराया जाता था. उन्होंने बताया कि पहली मंजिल में एक कंपनी का कार्यालय था और उसके 50 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया.बचाए गए लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए कुछ एम्बुलेंस भी मौके पर मौजूद थीं. दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रात करीब 11 बजे आग पर काबू पा लिया गया लेकिन प्रशीतन अभियान जारी है.
  9. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आग लगने से हुई लोगों की मौत पर शोक जताया है. कोविंद ने कहा कि वह इमारत में आग लगने से कई लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हैं. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
  10. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली में भीषण आग की घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं. शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से इस हादसे में जाने गंवाने वालों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की राशि दी जाएगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Delhi Fire, Mundaka Metro Station, Mundka Metro Fire, PM Modi Announces Compensation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com