विज्ञापन

क्या है कांग्रेस की A कैटिगरी वाली डिमांड, जिससे सपा की बढ़ेगी टेंशन; 125 सीटों पर ठोका दावा

कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि हमें ए कैटिगरी की 100 सीटें तो लड़नी ही हैं. इन पर हम समझौता करने के मूड में नहीं हैं. इसके अलावा बी श्रेणी की 50 सीटों में से आधी पर समझौता किया जा सकता है.

क्या है कांग्रेस की A कैटिगरी वाली डिमांड, जिससे सपा की बढ़ेगी टेंशन; 125 सीटों पर ठोका दावा
  • कांग्रेस ने कुल 175 विधानसभा सीटों की एक सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है, जिसमें बड़ी दावेदारी शामिल है
  • कांग्रेस ने सीटों को चार श्रेणियों में बांटा है, जिसमें 100 सीटें ऐसी हैं जिन पर समझौता करना नहीं चाहती
  • बी श्रेणी की 50 सीटों में से आधी पर समझौता संभव है, जबकि सी श्रेणी की सीटों पर बाद में निर्णय होगा
लखनऊ:

कांग्रेस ने 175 सीटों की एक सूची समाजवादी पार्टी को सौंप दी है. यूपी में कुल 403 विधानसभा सीटों में से 175 पर दावेदारी करते हुए कांग्रेस ने इरादे जाहिर कर दिए हैं. पार्टी सूत्रों का कहना है कि भले ही कांग्रेस ने इतनी बड़ी सूची सपा को सौंपी है, लेकिन कम से कम 125 सीटों पर वह उतरना ही चाहती है. यही नहीं इसी सप्ताह जानकारी मिली थी कि कांग्रेस ने अपने स्तर पर सीटों को ए से डी तक 4 कैटिगरी में बांटा है. इसके तहत उसने सपा नेतृत्व को साफ संदेश दिया है कि वह A कैटिगरी वाली सीटों पर समझौते के मूड में नहीं है. सूत्रों का कहना है कि A कैटिगरी में करीब 100 सीटें रखी गई हैं. इसके अलावा बी श्रेणी में 50 सीटें हैं और C में 35 सीटें हैं. 

कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि हमें ए कैटिगरी की 100 सीटें तो लड़नी ही हैं. इन पर हम समझौता करने के मूड में नहीं हैं. इसके अलावा बी श्रेणी की 50 सीटों में से आधी पर समझौता किया जा सकता है. इसके बाद सी कैटिगरी की सीटें आती हैं. इनमें से कौन सी सीट कांग्रेस लड़ेगी और कौन सी सीट पर सपा चुनाव में उतरेगी. यह शीर्ष नेताओं की ओर से तय किया जाएगा. कहा जा रहा है कि अगले राउंड में अब सपा के साथ बैठकें होंगी. कांग्रेस ने अमेठी, रायबरेली, सहारनपुर जैसे कई जिलों की ज्यादा से ज्यादा सीटों पर दावेदारी की है. इन जिलों में सपा भी कमजोर नहीं है. ऐसे में दोनों दलों के बीच रस्साकशी होना कोई हैरानी की बात नहीं है. 

माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी और उनके करीबी नेता ही सीटें तय कर रहे हैं. प्रियंका गांधी ही अखिलेश यादव से मिलकर सीटों पर बात करेंगी. 2022 में कांग्रेस ने अलग चुनाव लड़ा था और पूरे कैंपेन का नेतृत्व प्रियंका गांधी ने ही किया था. तब पार्टी को महज 2 सीटें ही मिली थीं. यह चुनाव पार्टी 2024 के आम चुनाव के बाद लड़ने जा रही है, जिसमें उसके 6 सांसद जीते थे. उसके बाद से ही यूपी में कांग्रेस के हौसले पहले के मुकाबले बढ़े हुए हैं. अब देखना होगा कि सपा उसे कितना तवज्जो देती है. दरअसल सपा में एक वर्ग का मानना है कि कांग्रेस को ज्यादा सीटें देना ठीक नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा से फाइट वाली सीटों पर कांग्रेस कमजोर नजर आती है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress News, Congress News In Hindi, UP Elections, UP Elections 2026, India News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com