विज्ञापन

भगवंत मान के ऑफिस पर सीबीआई की रेड, बोले- भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दफ्तर पर सीबीआई की छापेमारी चल रही है. सीएम भगवंत मान ने इस छापेमारी को भाजपा की चुनावी तैयारियों से जोड़ा है.

भगवंत मान के ऑफिस पर सीबीआई की रेड, बोले- भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू
1170127:

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दफ्तर पर सीबीआई ने छापा मारा है. ये छापेमारी ट्रांसफर और पोस्टिंग से जुड़े मामले में की जा रही है. इस छापेमारी पर सीएम भगवंत मान भड़क गए हैं. उन्होंने इस छापेमारी को भाजपा की चुनावी तैयारी से जोड़ा है. इस छापेमारी पर उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं.

सीबीआई की ये छापेमारी हाई कोर्ट के आदेश के एक दिन बाद ही हो गई है. 5 अक्टूबर को ही हाई कोर्ट ने ट्रांसफर-पोस्टिंग मामले में सीबीआई जांच करने का आदेश दिया था. अब मंगलवार को सीबीआई की टीम उनके घर पहुंच गई है.

यह छापेमारी ऐसे समय में हो रही है जब ट्रांसफर, पोस्टिंग और सरकारी कामकाज में कथित दखल से जुड़े एक मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली है. 

कैंप ऑफिस में CBI ने डाली है रेड

सीबीआई ने सीएम भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर रेड डाली है. इस छापेमारी पर सीएम भगवंत मान भड़क गए हैं. 

उन्होंने एक्स पर इसे लेकर पोस्ट किया, 'भाजपा ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. मेरे कैंप ऑफिस पर सीबीआई की छापेमारी हुई है. ईडी और सीबीआई का पंजाब में अब बेजा इस्तेमाल किया जाएगा. पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जाएगा. जनता से आम आदमी पार्टी को मिले प्यार से भाजपा बहुत परेशान है.'

अकाली ने छापेमारी को बताया 'बड़ी कार्रवाई'

सीबीआई की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इसे 'CBI की बड़ी कार्रवाई' बताया है. उन्होंने 'इसे भ्रष्टाचार के खेल का अंत शुरू' बताया.

क्या है पूरा मामला?

ये पूरा मामला ट्रांसफर, पोस्टिंग और कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है. इसे लेकर ईडी ने पंजाब के डीजीपी को तीन चिट्ठियां लिखी थीं, जिनमें यह कहा गया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और कुछ अन्य लोग (नितिन गोहल और बीर देविंदर भी शामिल) भ्रष्टाचार में शामिल हैं.

इन चिट्ठियों में आरोपों के सिलसिले में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया था. मांग की गई थी कि उन लोगों पर एफआईआर दर्ज की जाए.

ईडी के आरोपों के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन कथित तौर पर अधिकारियों, जिनमें आईएएस और आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं, के ट्रांसफर और पोस्टिंग से जुड़े रैकेट को चला रहे थे. 

एजेंसी ने आरोप लगाया है कि वे प्रशासनिक तबादलों और पोस्टिंग के साथ-साथ सरकारी टेंडरों में भी दखल दे रहे थे.

हाई कोर्ट ने दिया है सीबीआई जांच का आदेश

यह मामला तब हाईकोर्ट पहुंचा, जब पंजाब पुलिस ने कथित तौर पर ईडी की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की थी. 

वकील निखिल सराफ ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की, जिसमें मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग की गई थी.

उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि ईडी की चिट्ठियों में पंजाब सीएमओ से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी. 

इसके बाद सोमवार को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया. हाईकोर्ट ने सीबीआई को दो महीने में जांच पूरी करने का भी निर्देश दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhagwant Mann, CBI Raid, Punjab Politics, CM Bhagwant Mann News, Punjab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com