Odisha Police Encounter: ओडिशा के ब्रह्मपुर में अपराध के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख अब साफ दिखाई देने लगा है. महज 10 दिनों में 5 एनकाउंटर के बाद शहर के अपराधियों में खौफ का माहौल है. पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों के लिए अब यहां कोई जगह नहीं है. ताजा डबल एनकाउंटर के बाद एसपी डॉ. सारवण विवेक एम ने भी NDTV से खुलकर कहा है कि ‘ऑपरेशन क्लीन' जारी रहेगा और भागने या हमला करने पर सख्त कार्रवाई होगी.
10 दिन में 5 एनकाउंटर से मचा हड़कंप
ब्रह्मपुर में पिछले कुछ दिनों में पुलिस के लगातार एनकाउंटर से अपराधियों की कमर टूटती नजर आ रही है. सिर्फ 10 दिन के भीतर पांच बार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ा या घायल किया है. इस तेजी से चल रहे अभियान ने पूरे अपराध जगत में डर का माहौल बना दिया है.
ताजा डबल एनकाउंटर में दो आरोपी घायल
हालिया मामला रत्नापुर इलाके का है, जहां रियल एस्टेट कारोबारी सुधीर पात्रा अपहरण और हत्या केस के दो आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर दिया. दोनों आरोपी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह कार्रवाई हुई.
5 Encounters in 10 Days… Brahmapur SP's Conversation with NDTV, Says - 'Operation Clean' Launched Against Criminals pic.twitter.com/9fKGirXwMu
— Dev Kumar (@DevGh13862) May 26, 2026
पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी रंजन मलिक और सरोज पंडा को राजस्थान से ट्रांजिट रिमांड पर ब्रह्मपुर लाया जा रहा था. रास्ते में दोनों ने शौच जाने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई. इसी दौरान उन्होंने एक जवान की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की.
जवाबी कार्रवाई में चली गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी. तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है.
हत्या केस से जुड़ा है मामला
दोनों आरोपी 15 अप्रैल को हुए सुधीर पात्रा के अपहरण और हत्या मामले में शामिल बताए जा रहे हैं. इस केस में इससे पहले भी तीन अन्य आरोपी अलग-अलग एनकाउंटर में घायल हो चुके हैं. पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने में जुटी है.
एसपी की सख्त चेतावनी
ब्रह्मपुर एसपी डॉ. सारवण विवेक एम ने NDTV से साफ कहा कि शहर में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने बताया कि पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
एसपी ने कहा कि कई बार छापेमारी के दौरान अपराधी पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश करते हैं, ऐसे में पुलिस को आत्मरक्षा में कार्रवाई करनी पड़ती है. हाल ही में एक आरोपी ने पुलिस पर बम फेंका था, जिसके जवाब में उसे गोली लगी.
24 घंटे निगरानी में है शहर
पुलिस का दावा है कि पूरे शहर में लगातार निगरानी रखी जा रही है. विशेष टीमें बनाकर अपराधियों के ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है. साथ ही आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है. एसपी ने साफ कर दिया है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकने वाला. अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं