विज्ञापन

BJP की नई टीम की पहली बैठक, PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पर 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' भाजपा चलाएगी.

BJP की नई टीम की पहली बैठक, PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पर 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को 25 साल हो गए हैं.
BJP4India/X
नई दिल्ली:

बीजेपी की नई टीम की पहली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने को बेहद खास तरीके से मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है. 25 वर्ष के सफर और जनसेवा की भावना को समर्पित करते हुए पार्टी पूरे देश में एक महीने का 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने जा रही है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस महत्वाकांक्षी अभियान का पूरा खाका देश के सामने रखा है.

'सेवा पखवाड़ा' से 'सेवा संकल्प अभियान' तक क्या-क्या होगा?

भाजपा हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में 'सेवा पखवाड़ा' का आयोजन करती आ रही है. लेकिन इस बार का वर्ष बेहद खास है. 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार सार्वजनिक पद की जिम्मेदारी संभाली थी. इस 25 साल की ऐतिहासिक यात्रा को याद रखने और जन-जन तक पहुंचने के लिए पार्टी ने पारंपरिक सेवा पखवाड़े का दायरा बढ़ाते हुए इसे महीने भर के 'सेवा संकल्प अभियान' के रूप में आयोजित करने का फैसला किया है.

तावड़े ने बताया कि संगठन स्तर पर इस अभियान की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. राष्ट्रीय स्तर पर कार्यशाला आयोजित होने के बाद 31 अगस्त तक सभी राज्यों में और उसके अगले 5 से 7 दिनों के भीतर जिला स्तर पर बैठकें पूरी कर ली जाएंगी, ताकि इस पूरे अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके.

सेवा सेतु अभियान

इस पूरे अभियान का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक हिस्सा 'सेवा सेतु अभियान' होगा. अक्सर कागजी औपचारिकताओं या किसी दस्तावेज की कमी के कारण समाज के अंतिम पायदान पर खड़े कई जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं. ऐसे ही लोगों की मदद के लिए 15 दिनों तक ब्लॉक (प्रखंड) स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे.

इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी जरूरी दस्तावेजों के साथ खुद मौजूद रहेंगे. अगर किसी व्यक्ति का नाम आयुष्मान भारत कार्ड योजना से छूट गया है या फिर कोई पात्र किसान पीएम-किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकरण नहीं करा पाया है, तो वे सीधे इन शिविरों में जाकर फॉर्म भर सकते हैं और अपना नाम तुरंत जुड़वा सकते हैं. यह पहल यह सुनिश्चित करेगी कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच धरातल पर दिखे.

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान 

ज़मीनी स्तर पर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई लड़ने और सरकारी स्वास्थ्य व पोषण योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है. देश में मौजूद 14 लाख से भी अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए भाजपा कार्यकर्ता 'आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद' कार्यक्रम का आयोजन करेंगे. इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उनकी समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा और माताओं से पोषण व बच्चों की देखभाल पर सीधी चर्चा होगी.

युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज

इस अभियान में देश के युवाओं की ऊर्जा को जोड़ने के लिए दो बड़े कदम उठाए गए हैं. अव्वल, स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीकी समाधान खोजने के लिए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इसमें युवाओं और शोधकर्ताओं को क्षेत्रीय चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा.

फिर, युवाओं को जनसेवा से जोड़ने और उन्हें प्रेरित करने के लिए पार्टी ने 'सेवा में मेरा योगदान' पहल शुरू की है. इसके तहत युवाओं से अपील की गई है कि वे सफाई अभियान, वृक्षारोपण या टीबी उन्मूलन अभियान जैसी किसी भी सेवा गतिविधि में हिस्सा लें, उसका एक छोटा सा वीडियो (रील) बनाएं और सोशल मीडिया पर शेयर करें. उत्कृष्ट रील्स को जिला और राज्य स्तर पर प्रमोट किया जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Modi, Modi Birthday
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com