कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक कांग्रेस और मल्लिकार्जुन खरगे को घेर रही है. इसी बीच बीजेपी की ओर से कांग्रेस, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के लिए एक मैसेज साझा किया गया है.
बीजेपी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमारे पास कांग्रेस, रागा (राहुल गांधी) और खरगे के लिए मैसेज हैः इट्स डन ब्रो.'
इसी पोस्ट में आगे लिखा है, 'डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा. उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर चुना गया है. उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो. कुछ ऐसा जो तुम्हारे मास्टर के पास कभी नहीं होगा.'

खरगे की जिस टिप्पणी को लेकर विवाद हो रहा है, वह उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम में की थी. खरगे एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, तभी भीड़ में से किसी ने कहा कि मोदी कहीं नहीं जाने वाला. इस पर खरगे ने भड़कते हुए पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी कर दी.
खरगे की इस टिप्पणी को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है. भाजपा ने खरगे से माफी की मांग की है. वहीं, पटना में भी खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है.
वहीं, कांग्रेस खरगे का बचाव कर रही है. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बार-बार बदतमीजी हो रही है.
पवन खेड़ा ने कहा कि जब खरगे बोल रहे थे तभी भाजपा का एक कार्यकर्ता खड़ा होकर बदतमीजी करने लगा. उसने कहा कि आपका बाप भी आ जाएगा, तब भी मोदी नहीं हारेगा. इसके जवाब में खरगे ने कहा कि मोदी तो जाएंगे, लेकिन उनके वैचारिक पिता आरएसएस भी जाएग.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं