विज्ञापन

भोपाल में आवारा कुत्ते का आतंक, 8 साल के बच्चे को 10 मीटर घसीटा, 15 टांके आए; 68 साल की बुजुर्ग पर भी हमला

भोपाल में एक कुत्ते ने बुजुर्ग और 8 साल के बच्चे पर हमला कर दिया. हमले में बच्चे के होंठ फट गए, गाल कट गए. 15 टांके आए हैं.

भोपाल में आवारा कुत्ते का आतंक, 8 साल के बच्चे को 10 मीटर घसीटा, 15 टांके आए; 68 साल की बुजुर्ग पर भी हमला
कुत्ते के हमले में घायल इब्राहिम और राबिया.
NDTV
भोपाल:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल मस्जिद इलाके में 8 साल के इब्राहिम के चेहरे पर लगे टांके उस खौफनाक हमले की कहानी बयां कर रहे हैं, जिसे ये बच्चा शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा. इब्राहिम घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया. कुत्ता उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता रहा. हमले में उसका होंठ फट गया, चेहरे पर गहरी चोटें आईं और 15 टांके लगाने पड़े.

इब्राहिम बचपन से अपनी नानी के घर रहता है. जिस घर के बाहर वो बेफिक्र होकर खेलता था, अब वहां उसके परिवार को डर सता रहा है. 

नानी कनीज फातिमा की आंखों से आंसू थम नहीं रहे. अपने नाती की हालत देखकर वो बार-बार आवारा कुत्तों को इलाके से हटाने की गुहार लगा रही हैं. उनकी मांग बस इतनी है कि बच्चे सुरक्षित रहें और किसी दूसरे परिवार को ऐसी तकलीफ से न गुजरना पड़े.

ये सब उस मध्यप्रदेश में हो रहा है जहां आवारा कुत्तों की नसबंदी और डॉग बाइट के मामले रोकने के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सवाल है कि इसका असर कहां दिख रहा है? आखिर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी समस्या कम क्यों नहीं हो रही?

खाना बना रही थी, कुत्ते ने कर दिया हमला

आवारा कुत्तों का डर सिर्फ बच्चों तक सीमित नहीं है, बुजुर्ग भी इनके हमलों का शिकार हो रहे हैं. 

इसी मोहल्ले में रहने वाली 68 साल की राबिया बी अपने छोटे से किचन में खाना बना रही थीं. तभी अचानक एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया. 

उनकी नाक पर गहरा घाव आया, गाल और गले पर भी चोट लगी. कुत्ता इसके बाद गली में खेल रहे एक बच्चे इब्राहिम की तरफ दौड़ा. बच्चे को बचाने के लिए राबिया बी खुद आगे बढ़ीं, लेकिन कुत्ते ने उन पर दोबारा हमला कर दिया. इस बार उनके पेट पर भी चोट आई. 

Latest and Breaking News on NDTV

दूसरों को बचाने की कोशिश में खुद जख्मी हुईं राबिया बी की कहानी बताती है कि अब घर के भीतर और बाहर, कहीं भी लोग खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे.

'हर वक्त डर बना रहता है'

इलाके के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का डर अब रोजमर्रा की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है. बच्चों को स्कूल भेजना हो या घर से बाहर खेलने देना, हर वक्त हमले का डर बना रहता है. 

स्थानीय लोग बताते हैं कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ.

जिस इलाके में लोग आवारा कुत्ते के हमले की बात कह रहे हैं, वहां के लोगों और भोपाल की महापौर मालती राय के बयान में फर्क नजर आ रहा है. 

Latest and Breaking News on NDTV

पहले जांच होगी- कुत्ता आवारा था या पालतू?

स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला करने वाला कुत्ता आवारा था, लेकिन महापौर मालती राय का कहना है कि पहले जांच करानी होगी कि कुत्ता पालतू था या आवारा.

यानी हमले के बाद भी सवाल यही है कि कुत्ते की पहचान तय होने के बाद ही कार्रवाई होगी?

आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी इसे चिंता का विषय मानते हैं.

उनका कहना है कि सरकार सतर्क है और कोशिश रहती है कि ऐसी घटनाओं में घायल लोगों को जल्द से जल्द इलाज मिले. साथ ही, ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

लेकिन सवाल यही है कि जब हमलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, तो इन पर रोक लगाने के लिए जमीनी स्तर पर क्या बदलाव हो रहे हैं?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dog Bite Case, Dog Bite And Rabies, Bhopal News, MP News, Stray Dogs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com