विज्ञापन

बेंगलुरु हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, सीरियल किलर ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए लिया 'प्रेस' का सहारा,

बेंगलुरु पुलिस ने जांच में पता लगाया है कि सात हत्याओं के आरोपी कैब ड्राइवर इंदु शेखर ने शवों को ठिकाने के लिए अपनी गाड़ी पर पत्रकारों के टूर का बैनर लगवाया और प्रेस का स्टिकर लगवाया, जिससे उस पर किसी को शक न हो.

बेंगलुरु हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा, सीरियल किलर ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए लिया 'प्रेस' का सहारा,
बेंगलुरु:

बेंगलुरु में इंदु शेखर नाम के एक कैब ड्राइवर द्वारा कथित तौर पर की गई सात हत्याओं के मामले में नया खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए खुद को पत्रकार बताया और अपनी कार पर 'पत्रकारों के टूर' का बैनर लगाया और प्रेस का स्टीकर लगा रखा था. इसका मकसद शवों को ले जाते समय लोगों को भ्रम में डालने का था, जिससे उस पर किसी को शक न हो. 

पुलिस की जांच में क्या पता चला है

पुलिस की जांच में पता चला है कि राजाजीनगर में हुई इन सिलसिलेवार हत्याओं के मामले में आरोपी ने शवों को बिना किसी की नजर में आए ठिकाने लगाने के लिए एक अनोखी योजना बनाई थी. इंदु शेखर ने अपनी कार पर 'पत्रकारों का टूर' लिखवाया था, जिससे लोगों को लगे कि वह त्योहारों के सीजन में घूमने जा रहे किसी मीडिया समूह का हिस्सा है.

पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी ने दशहरा और दिवाली की छुट्टियों के दौरान पत्रकारों के टूर का बैनर बनवाया था. उसने यह बैनर अपनी पीले नंबर प्लेट वाली टोयोटा इटियॉस कार पर प्रमुखता से लगा रखा था. बताया जा रहा है कि बैनर को कार पर इस तरह लगाया गया था जिससे उसकी नंबर प्लेट भी छिप जाती थी. कार के पीछे वाले शीशे पर प्रेस का स्टीकर भी लगा हुआ था.

जांच अधिकारियों को शक है कि आरोपी ने जानबूझकर यह काम किया था, जिससे शवों को लेकर यात्रा करते समय कोई उससे सवाल न पूछे और न ही उसकी गाड़ी पर शक करे. इंदु शेखर एक यूट्यूब चैनल भी चलाता था. उसने खुद को पत्रकार साबित करने के लिए विजिटिंग कार्ड और पहचान पत्र भी बनवा रखे थे. उसे लगता था कि पत्रकारों के टूर का हिस्सा बनकर यात्रा करने से लोग उस पर शक नहीं करेंगे और न ही उसकी गाड़ी को रोकेंगे. बताया जा रहा है कि सकलेशपुर और मंगलुरु इलाके में उसकी गाड़ी पर इसी तरह का बैनर देखा गया था. पुलिस को शक है कि इंदु शेखर ने कई जगह आने-जाने के दौरान इसी तरकीब का इस्तेमाल किया होगा.

जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर शवों को अलग-अलग चरणों में एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया. इस दौरान उसने पकड़े जाने से बचने के अलग-अलग तरीके अपनाए. पुलिस अधिकारी इस मामले की तह में जाने के लिए इंदु शेखर और इस मामले के अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं. 

क्या है पूरा मामला

बेंगलुरु के इस खौफनाक हत्याकांड के आरोपी इंदु शेखर पर अपनी पत्नी सुनीता के अलावा सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर, शिवकुमार की पत्नी नलिनी, शंकर की पत्नी दिव्या और शिवकुमार के सात साल के बेटे पुनीत की हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक ये सातों हत्याएं सिल-बट्टे से पीटकर की गई हैं. जांच में सामने आया है कि इंदु शेखर और सविता की शादी 20 साल पहले हुई थी. लेकिन दोनों के संबंध ठीक नहीं थे. उसके ससुराल वाले भी अक्सर हस्तक्षेप करते रहते थे और सुनीता का पक्ष लेते थे. 

इस हत्याकांड का पर्दाफाश तब हुआ था, जब नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच में पुलिस ने इंदुशेखर से पूछताछ की. इसमें वह बार-बार अपने बयान बदलने लगा. इस पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली. इसमें उसे अपराध से जुड़े कई सुराग हाथ लगे. पुलिस ने उस सिलबट्टे को बरामद कर लिया है, जिससे हत्याएं की गई थीं. पुलिस ने उस कार को भी जब्त किया जिससे शवों को ठिकाने लगाया गया था.

ये भी पढ़ें: छठ पर AAP ने दिखाए यमुना में झाग वाले वीडियो, BJP बोली- उन्होंने तो बैन लगाया, हमने रेड कारपेट बिछाया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bengaluru News,  Murder Case, Bengaluru Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com