योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री भाजपा को फायदा पहुंचाएगी. उन्होंने सोमवार को कहा कि यूपी के लिए असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री बहुत अच्छी बात है. इससे वोटों का बंटवारा हो सकेगा. संभल के बबराला में आर्य महासम्मेलन के बाद मीडिया से बात करते हुए रामदेव ने कहा कि ओवैसी दूसरे स्थानों के लिए अच्छा या बुरा हो सकता है. लेकिन यूपी के लिए वह बहुत सही हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वह एक वर्ग के वोटों का बंटवारा करेंगे और यह स्थिति योगी जी के लिए अच्छी बात होगी.
क्या आप योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार यूपी का सीएम बनते देखना चाहेंगे? इस पर बाबा रामदेव ने कहा कि मैं चाहता हूं कि अच्छे लोग ही देश को चलाएं. उन्होंने कहा, 'महर्षि दयानंद और वेदों के सिद्धातों के तहत अच्छे लोग ही देश को चलाएं और हर तरफ अपना प्रभाव जमाएं. मैं यही चाहता हूं.' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पीएम मोदी के बारे में दिए बयान पर रामदेव ने कहा कि ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए. पीटीआई के मुताबिक बाबा रामदेव ने कहा कि किसी को भी इतने निचले स्तर का बयान नहीं देना चाहिए. चाहे वह सत्ता पक्ष का व्यक्ति हो या फिर विपक्ष से ही जुड़ा हो.
सनातन धर्म की वर्तमान स्थिति और इसे बदनाम किए जाने के आरोपों पर रामदेव ने कहा कि पाखंड, दिखावे, अंधविश्वास और धार्मिक ढोंग के कारण इसकी छवि खराब हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भगवान राम, कृष्ण, हनुमान और शिव का रूप धारण करके तथा धर्मग्रंथों और तीर्थस्थलों के नामों का गलत इस्तेमाल करके धर्म को बदनाम कर रहे हैं.
रामदेव ने कहा कि महर्षि दयानंद ने आर्य समाज के माध्यम से सनातन धर्म का शुद्ध रूप प्रस्तुत किया था. इसमें एक ईश्वर की उपासना, सत्कर्म को अपना कर्तव्य मानना, माता-पिता और बड़ों का सम्मान करना, तथा जाति-आधारित भेदभाव और सामाजिक ऊंच-नीच को खत्म करने पर जोर दिया गया था. उन्होंने कहा कि अंग्रेजों और भारत-विरोधी ताकतों ने शोषण, आंतरिक कलह, झूठ और धोखे के जरिए फूट के बीज बोए थे. उन्होंने सनातन धर्म को दुनिया के प्रमुख धर्मों में से एक के रूप में स्थापित करने के लिए पाखंड, अंधविश्वास और आपसी बैर-भाव को खत्म करने का आह्वान किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं