विज्ञापन
This Article is From Oct 09, 2019

हरियाणा के कैथल में कांग्रेस पर बरसे अमित शाह, कहा- तनिक रात में सोचा करो...

21 अक्टूबर को हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की चुनावी रैलियों का दौर शुरू हो गया है.

कैथल में हरियाणा चुनाव के लिए अमित शाह ने पहली रैली की.
  • कैथल में हुई अमित शाह की पहली चुनावी रैली
  • 21 अक्टूबर को होने हैं हरियाणा का चुनाव
  • अमित शाह बोले- 75 से ज्यादा सीटें लाना है लक्ष्य
नई दिल्ली:

Haryana Assembly Election 2019: हरियाणा के कैथल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि विरोधियों के पास कोई दिशा नहीं है. उन्‍होंने कहा, ''...अभी-अभी चुनाव शुरू हुआ है और हमारे विरोधियों को मालूम ही नहीं पड़ रहा कि चुनाव की शुरुआत पूरब से करें, पश्चिम से करें, उत्तर से करें या दक्षिण से करें. उनके पास कोई दिशा नहीं है.''

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा फ्रांस में शस्‍त्र पूजा किए जाने को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ''मोदी जी ने राफेल को शामिल किया और राजनाथ जी ने फ़्रांस की भूमि पर विजयादशमी के दिन उसका शस्त्र पूजन किया, लेकिन कांग्रेस वाले उसका भी विरोध कर रहे हैं. मैं इनसे कहना चाहता हूं कि तनिक रात को सोचा करो, किस बात का विरोध करना है, किसका नहीं.''

गृहमंत्री अमित शाह बोले- जम्मू कश्मीर हमेशा केंद्र शासित नहीं रहेगा, स्थिति सामान्य हुई तो...

अमित शाह ने अपनी चुनावी जनसभा में कहा, ''...कल विजयादशमी थी, जो बुराई पर अच्छाई की प्रतीक है और यह शस्त्र पूजन करके मनाई जाती है. मैं देश के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री जी को बधाई देता हूं कि कल के ही दिन उन्होंने राफेल को हमारी वायुसेना में शामिल करके, देश कि सुरक्षा को सुदृढ़ करने का काम किया है.'' 

कैथल के रामलीला मैदान में अपने चुनावी जनसभा में अमित शाह ने कश्‍मीर से अनुच्‍छेद 370 हटाए जाने का भी जिक्र किया और कहा, ''पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अनुच्छेद 370 को उखाड़ कर फेंक दिया. 70 साल से देश के हर नागरिक के मन में एक कसक थी कि जम्मू-कश्मीर देश के साथ पूरा जुड़ा हुआ नहीं था. तीन-तीन पीढ़ियों तक शासन करने वालों में भी 370 हटाने की हिम्मत नहीं थी.''

हरियाणा चुनाव के लिए बीजेपी ने तैयार किया ताबड़तोड़ रैलियों का प्लान, PM मोदी ऐसे कवर करेंगे सभी 90 सीटें

अमित शाह ने कहा कि जब भी हरियाणा में सरकार बनती थी वो विशेष जातियों के लिए बनती थी. एक सरकार आती थी तो वो एक जाति का काम करती थी, दूसरी आती थी दूसरी जाति का काम करती थी. मनोहर लाल खट्टर सरकार ऐसी बनी जिसकी कोई जाति नहीं है, ये सरकार हर हरियाणा वासियों की सरकार है.

यहां वो अमेरिका में HowdyModi कार्यक्रम का जिक्र करना नहीं भूले. अमित शाह ने कहा कि यह एक ऐसा कार्यक्रम था जिसके लिए पूरे विश्व ने मोदी जी की तारीफों के पुल बांधे. उन्‍होंने कहा कि मोदी जी ने भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ाने का काम किया है.

कोलकाता में बोले अमित शाह- शरणार्थियों को जाने नहीं देंगे और किसी भी घुसपैठिए को रहने नहीं देंगे

अतिम शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी को जो दुनिया भर में सम्मान प्राप्त होता है, वो सम्मान मोदी जी का नहीं, भाजपा का नहीं है. वो सम्मान भारत की सवा सौ करोड़ देशवासियों का सम्मान है.

अमित शाह अपने भाषण में सर्जिकल स्‍ट्राइक का भी जिक्र किया. उन्‍होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके पूरी दुनिया को बताया है कि भारत की सीमाओं के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता और भारत के सैनिकों की जान की कीमत हम जानते हैं.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, AssemblyElections2019, Kaithal, Haryana Assembly Election 2019
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com