विज्ञापन
This Article is From Nov 05, 2022

अयोध्या में दीपोत्सव के बाद काशी में भव्य रूप से मनाई जाएगी देव दीपावली, 3डी में धर्म का व्याख्यान

चेत सिंह घाट पर लेज़र शो शाम 7 बजे से 20 मिनट तक चलेगा. इसमें 3डी लेज़र प्रोजेक्शन मैपिंग शो 12 मिनट का और लेजर लाइट एंड साउंड शो 8 मिनट का होगा, जो कुछ अंतराल में कई बार रिपीट होगा.

अयोध्या में दीपोत्सव के बाद काशी में भव्य रूप से मनाई जाएगी देव दीपावली, 3डी में धर्म का व्याख्यान
काशी के घाट पर पहली बार 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो आयोजित हो रहा है. (फाइल फोटो)
वाराणसी:

उत्तर प्रदेश में अयोध्या के दीपोत्सव के बाद काशी की देव दीपावली इस साल भी भव्यतम रूप में मनायी जाएगी. इस साल पहली बार काशी के ऐतिहासिक घाट की दीवार पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से धर्म का व्याख्यान होगा. इसके जरिए काशी आने वाले पर्यटक मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण और देव दीपावली की कथा सुन सकेंगे. गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के माध्यम से भगवान शिव के भजन की प्रस्तुति भी होगी. 20 मिनट का शो कई बार दिखाया जाएगा, जिससे देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों पर आने वाले सभी श्रद्धालु देख सकेंगे. इस शो का आयोजन चेत सिंह घाट पर होगा. 

सात नवंबर को विश्व विख्यात देव दीपावली के अवसर पर योगी सरकार काशी के धनुषाकार घाटों को 10 लाख दीयों से रौशन करेगी. सरकार काशी के घाट पर पहली बार 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो आयोजित करा रही है. काशी के घाटों के किनारे सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों पर धर्म की कहानी जीवंत होती दिखेंगी. वहीं गंगा की गोद में शिव भजनों का लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो भी आयोजित होगा. मॉडर्न स्टेज सर्विसेज के अनुभव गुप्ता के अनुसार 5 दिन के रिकॉर्ड समय में गंगा अवतरण, देव दीपावली की धार्मिक जानकारी और शिव भजनों के 5-6 ट्रैक शूट करके अंतिम रूप दिया गया है. घाट पर इंस्टॉल और शो को चलाने के लिए टेक्नीशियन और इंजीनियर मिलाकर करीब 250 से अधिक लोगों की टीम लगी है और इस शो का प्रोजेक्शन 20 लेज़र प्रोजेक्टर के माध्यम से होगा. दर्शक इस शो को 6 और 7 दोनों दिन देख सकते हैं.

घाट से गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो भी होगा, जो टाइम कोड द्वारा प्रसारित किया जाएगा. इसमें संगीत की ध्वनि के साथ लेजर और लाइट्स का एक अनूठा तालमेल देखने को मिलेगा. अनुभव गुप्ता ने बताया कि इसमें प्रोग्रामिंग किया जाता है और ये ऑटो मोड पर चलता है.

मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि कि चेत सिंह घाट पर लेज़र शो शाम 7 बजे से 20 मिनट तक चलेगा. इसमें 3डी लेज़र प्रोजेक्शन मैपिंग शो 12 मिनट का और लेजर लाइट एंड साउंड शो 8 मिनट का होगा, जो कुछ अंतराल में कई बार रिपीट होगा. जिससे देव दीपावली पर काशी आने वाले सभी पर्यटक देख सकें. श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा के उस पार रेत पर शाम 7 बजकर 40 मिनट से ग्रीन आतिशबाजी शुरू होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deepotsav In Ayodhya, Dev Deepawali, Kashi, Ayodhya, Deepotsav In Ayodhya 2022, Deepotsav Ayodhya, Deepotsav Mahotsav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com