दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में 19 साल की एक नर्सिंग छात्रा की मौत का मामला सामने आया है. मृतका मूल रूप से दिल्ली के नजफगढ़ इलाके की रहने वाली थी और बीएससी नर्सिंग के थर्ड ईयर में पढ़ाई कर रही थी.
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सर गंगाराम अस्पताल से राजेंद्र नगर थाने को एक नर्सिंग छात्रा की मौत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा की मौत हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर हुई. हालांकि, छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्रा से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया.टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा की मौत से पहले की परिस्थितियां क्या थीं और क्या उसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आत्महत्या की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं