विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2021

SC पहुंचीं बाहुबली MLA मुख्तार अंसारी की बीवी, फेक एनकाउंटर होने का जताया डर

मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मांग की है कि अंसारी को उत्तर प्रदेश की बांदा जेल ट्रांसफर करने के दौरान और कोर्ट में पेशी समेत अन्य मौकों पर सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश दिए जाएं क्योंकि उनकी जान को खतरा है.

SC पहुंचीं बाहुबली MLA मुख्तार अंसारी की बीवी, फेक एनकाउंटर होने का जताया डर
मुख्तार अंसारी को सुप्रीम कोर्ट ने यूपी के बांदा जेल में ट्रांसफर करने के आदेश दिए हैं.
नई दिल्ली:

बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की पत्नी मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची हैं. उन्होंने अदालत से मुख्तार अंसारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है. उन्होंने इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है. याचिका में मुख्तार की पत्नी अफशां अंसारी ने अंसारी को उत्तर प्रदेश की बांदा जेल ट्रांसफर करने के दौरान और कोर्ट में पेशी समेत अन्य मौकों पर सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश देने की मांग की है. याचिका में कहा गया है कि अंसारी की जान को खतरा है.

उनके जीवन के लिए आसन्न खतरे का हवाला देते हुए (बीजेपी के खिलाफ सफलतापूर्वक चुनाव लड़ने और यूपी में बीजेपी के सदस्यों के खिलाफ मामलों के गवाह होने के कारण), अंसारी की पत्नी ने प्रार्थना की है कि संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाए कि उन्हें निष्पक्ष सुनवाई का मौका मिले और इस प्रक्रिया के दौरान उनका एनकाउंटर ना किया जाए. 

याचिका में अंसारी को खत्म करने के विभिन्न प्रयासों का विवरण दिया गया है और विभिन्न खतरों को उजागर किया गया है. यह आगे बताया गया है कि माफिया डॉन बृजेश सिंह जो कि यूपी में सरकार का हिस्सा है और बेहद प्रभावशाली है, उसे राज्य की  सहायता और समर्थन के साथ मारने की साजिश रच रहा है.

यह भी पढ़ें : जिस एंबुलेंस से मुख्तार अंसारी को लाया गया था मोहाली, ढाबे पर लावारिस हालात में मिली

याचिका में उत्तर प्रदेश पुलिस के पिछले आचरण का हवाला दिया है और यूपी पुलिस द्वारा की गई मुठभेड़ों के उदाहरण दिए गए हैं. याचिका में प्रार्थना की गई है कि उनके पति के 'साथ ऐसा ना हो, कहीं उनका विकास सिंह मुठभेड़ वाला हाल न हो.'

बता दें कि मुख्तार अंसारी को सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों पंजाब से यूपी की बांदा जेल ट्रांसफर करने के आदेश दिए थे. कोर्ट के आदेश पर पंजाब पुलिस मुख्तार अंसारी को यूपी पुलिस को सौंपेगी. करीब दो साल से मुख्तार को पंजाब पुलिस वहां के एक रंगदारी मांगने के मामले में यूपी से पंजाब ले गई थी, तब से मुख्तार सेहत खराब होने के नाम पर पंजाब जेल में बंद है. इस मामले में लंबे समय से यूपी और पंजाब सरकार के बीच तनातनी चल रही है. इस बीच यूपी सरकार मुख्तार अंसारी को पंजाब से 13 बार लाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mukhtar Ansari, Mukhtar Ansari Wife, Supreme Court
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com