विज्ञापन
This Article is From Dec 25, 2011

लोकपाल आंदोलन के लिए जोर-शोर से जुटी टीम अन्ना

इंडिया अगेंस्ट करप्शन के तहत होने वाले आंदोलन के लिए संगठन के कार्यकर्ता तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप देने में जुटे।
मुम्बई: प्रभावी लोकपाल विधेयक के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के मंगलवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय अनशन के लिए एमएमआरडीए मैदान में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के तत्वावधान में होने वाले इस आंदोलन के लिए संगठन के कार्यकर्ता तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इंडिया अगेंस्ट करप्शन की कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने कहा कि अन्नाजी के तीन दिन के अनशन दौरान मैदान का रंगरूप क्या रहेगा इसकी तैयारी हो चुकी है और सम्बंधित लोगों को विस्तार से बताया गया है। मैदान सोमवार को रात 9 बजे तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। अंजली दमानिया ने कहा कि मैदान में हर प्रमुख स्थलों पर अग्निशामक लगाए गए हैं और दो स्थलों पर दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी। इसके अलावा विशिष्ट व्यक्तियों और मीडिया के लिए अलग स्थान निर्धारित होंगे। तीन एम्बुलेंस के साथ ही चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे और पूरे मैदान को कवर करने वाले सुरक्षा कैमरे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि करीब 77,000 लोगों ने जेल भरो आंदोलन के लिए पंजीकृत कराया है। मैदान की बुकिंग पब्लिक कॉज रिसर्च फाउंडेशन की ओर से की गई है और इसके लिए मुम्बई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को आठ लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इस बीच, अन्ना हजारे के एक करीबी सहयोगी ने उनके गांव रालेगन सिद्धि में संवाददाताओं से कहा कि सर्दी से पीड़ित हजारे के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लोकपाल, आंदोलन, टीम अन्ना
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com