विज्ञापन
This Article is From Feb 24, 2020

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार भारत, जानिए 10 बड़ी बातें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अपनी पहली भारत यात्रा पर आज (सोमवार) अहमदाबाद पहुंचेंगे. ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनेर भी होंगे.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार भारत, जानिए 10 बड़ी बातें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह पहला भारत दौरा है. (फाइल फोटो)
अहमदाबाद:
  1. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सोमवार को लगभग 11:40 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है. वह मोदी के साथ हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम और वहां से नवनिर्मित मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम तक एक रोड शो में शामिल होंगे. मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में एक लाख से अधिक लोगों के 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम में मौजूद रहने की उम्मीद है.
  2. अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ ताजमहल देखने के लिए आगरा जाएंगे. ट्रंप के साथ उनकी बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनेर और उनके प्रशासन के शीर्ष अधिकारी भी होंगे. ट्रंप को उनके गुजरात दौरे के दौरान भारत की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी.
  3. अहमदाबाद शहर में 'इंडिया रोड शो' के 22 किलोमीटर के मार्ग के दोनों ओर बने मंचों पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए नृत्य समूह और गायक प्रस्तुति देंगे. ट्रंप की यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं. रोड शो के मार्ग में सड़क के दोनों ओर दोनों नेताओं के विशाल होर्डिंग और गुजरात में ऐतिहासिक स्थानों की प्रतिकृतियां भी लगाई गई हैं. रोड शो के मार्ग में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे और वह दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे.
  4. दस हजार से अधिक पुलिसकर्मियों, यूएस सीक्रेट सर्विस तथा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और एसपीजी के कर्मियों को इस हाई प्रोफाइल यात्रा के लिए तैनात किया गया है. मोदी ने ट्वीट किया, 'भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने को लेकर उत्सुक है. यह एक सम्मान की बात है कि वह कल हमारे साथ होंगे और उनकी यात्रा की शुरूआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी.'
  5. ट्रंप देश की यात्रा करने वाले अमेरिका के सातवें राष्ट्रपति हैं. ट्रंप ने भी ट्वीट करके कहा कि वह भारत में अपने अच्छे दोस्तों के साथ रहने को लेकर उत्सुक हैं. उन्होंने एक वीडियो री-ट्वीट किया था, जिसमें उनका चेहरा भारतीय फिल्म के पात्र बाहुबली पर लगाया गया है और उन्हें एक महान रक्षक के तौर पर दिखाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप के साथ साबरमती आश्रम जाएंगे.
  6. महात्मा गांधी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 1917-1930 तक साबरमती आश्रम में रहे थे. हाल के वर्षों में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे सहित विश्व के कई नेता साबरमती आश्रम गए हैं. आश्रम के सचिव अमृत मोदी ने कहा कि ट्रंप वहां पर 15 मिनट रहेंगे. आश्रम के एक अधिकारी ने कहा, ट्रंप 'हृदय कुंज' भी जाएंगे. यदि वह चाहें तो चरखा भी चला सकते हैं. हम उन्हें एक कॉफी-टेबल बुक और गांधी की 150 उद्धरणों वाली एक पुस्तक भी भेंट करेंगे.
  7. 'हृदय कुंज' आश्रम परिसर स्थित एक कमरा है, जहां महात्मा गांधी और उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी 1918 से 1930 के बीच 12 साल तक रहे थे. अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को गांधी जी और आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में चरखा के महत्व के बारे में बताया जाएगा. मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम के दौरान एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान ट्रंप और मोदी सभा को संबोधित करेंगे.
  8. बॉलीवुड गायकों कैलाश खेर और पार्थिव गोहिल तथा कीर्तिदान गढ़वी, गीता रबारी, पुरुषोत्तम उपाध्याय और साईराम दवे जैसे गुजराती लोक गायक स्टेडियम में प्रस्तुतियां देंगे. एक अधिकारी ने कहा कि विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए संपर्क किया गया था और वह कई दिनों से अभ्यास कर रहे हैं. प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगे हैं जिन पर विभिन्न नारे लिखे हैं. इनमें भारत-अमेरिका संबंधों को दुनिया के 'सबसे पुराने लोकतंत्र के विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र से मिलने' और 'उज्ज्वल भविष्य के लिए मजबूत दोस्ती' जैसे नारे लिखे हैं.
  9. होर्डिंग्स पर ट्रंप और मोदी की तस्वीरें भी हैं. यह तस्वीरें पिछले साल अमेरिका में 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम के दौरान की हैं, जिनमें दोनों नेता हाथ पकड़कर चलते हुए भीड़ की ओर हाथ हिलाते नजर आ रहे हैं. शहर का नगर निगम रोड शो को गणमान्य व्यक्तियों के साथ ही गुजरात के लोगों के लिए यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है. अहमदाबाद के नगर आयुक्त विजय नेहरा ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, 'नमस्ते अहमदाबाद, आएं 22 किलोमीटर लंबे मेगा 'इंडिया रोड शो' का हिस्सा बनें. दुनिया के सामने भारतीय संस्कृति और विविधता का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं. नमस्ते ट्रंप.'
  10. सितंबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान ह्यूस्टन में 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम के बाद से दोनों नेताओं के बीच संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं. ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे मित्र हैं. मैंने इस यात्रा के लिए लंबे समय पहले प्रतिबद्धता जताई थी. मैं एक बड़ी रैली को संबोधित करूंगा.'
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, PM Narendra Modi, Melania Trump, Ahmedabad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com