यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में गुरुवार को मतगणना हुई. यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में जहां भाजपा सरकार बनाने जा रही है, वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (बीजेपी) गोरखपुर शहर से जीत गए हैं. पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भदौर और चमकौर साहिब की दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव हार गए हैं. वहीं आप के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान धुरी विधानसभा से विजयी रहे.
उत्तराखंड की बात करें तो खटीमा से बीजेपी के पुष्कर सिंह धामी, लाल कुआं से कांग्रेस के हरीश रावत चुनाव हार गए हैं. चौबट्टाखल से बीजेपी के सतपाल महाराज, गंगोत्री से आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोंठियाल को भी हार मिली है और सितारगंज से बीजेपी के सौरभ बहुगुणा चुनाव जीत गए है.
गोवा की बात करें तो यहां पर उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर को मडगांव विधानसभा क्षेत्र में हार मिली है. चंद्रकांत कावलेकर क्यूपेम में कांग्रेस उम्मीदवार अल्टोन डी'कोस्टा से हार गए हैं.