विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2020

भले ही मेरा करियर खत्म हो जाए, झूठ नहीं बोलूंगा : चीन को लेकर बोले राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वीडियो संदेश में कहा कि एक भारतीय होने के नाते मेरी पहली प्राथमिकता देश और इसकी जनता है.

भले ही मेरा करियर खत्म हो जाए, झूठ नहीं बोलूंगा : चीन को लेकर बोले राहुल गांधी
चीन के मुद्दे पर राहुल गांधी ने सरकार पर फिर साधा निशाना
नई दिल्ली:

भारत चीन सैन्य झड़प के बाद से सरकार पर हमलावर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, "मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि मेरा राजनीतिक भविष्य बर्बाद हो जाएगा लेकिन मैं भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ को लेकर झूठ नहीं बोलूंगा." राहुल गांधी ने एक वीडियो भी शेयर किया है. बता दें कि भारत और चीन के बीच 15 जून को सैन्य झड़प में 20 भारतीय जवानों की जान कुर्बान हुई थी. 

राहुल गांधी ने सोमवार को वीडियो संदेश शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा- "चीन की सेना ने भारतीय सरजमीं पर कब्जा किया है. सच्चाई छिपाना और उन्हें ऐसा करने देना राष्ट्र विरोधी है. लोगों का इस ओर ध्यान आकर्षित करना देशभक्ति है." 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वीडियो संदेश में कहा कि एक भारतीय होने के नाते मेरी पहली प्राथमिकता देश और इसकी जनता है. यह एक एकदम साफ है कि चीनी हमारे इलाके में घुस आए. यह बात मुझे परेशान करती है. मेरा खून खौलने लगता है कि कैसे कोई दूसरा देश हमारे इलाके में घुस आया."

सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "एक राजनीतिक के तौर पर आप चाहते हैं कि मैं चुप रहूं और अपने लोगों से झूठ बोलूं... मैंन सैटेलाइट तस्वीरें देखी हैं... सेना के लोगों से बात की है... अगर आप चाहते हैं कि मैं झूठ बोलूं कि चीनी हमारे देश में दाखिल नहीं हुए तो, मैं ऐसा नहीं करने वाला हूं, मुझे चिंता नहीं, चाहे मेरा राजनीतिक भविष्य डूब ही क्यों न जाए. मैं सोचता हूं वो लोग जो चीन के हमारे देश में घुसने के बारे में झूठ बोल रहे हैं, वहीं लोग राष्ट्रवादी नहीं हैं, देशभक्त नहीं है." 

वीडियो: राजस्थान संकट को लेकर BJP पर राहुल गांधी का हमला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, India China Stand Off
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com