विज्ञापन

हर‍ियाणा: फोन पर हेलो-हेलो करती रह गई पत्‍नी, द‍िल्‍ली से पत‍ि क‍िडनैप; करनाल में म‍िली लाश 

पत‍ि की हत्‍या की सूचना पर पत्‍नी मलेश‍िया से वापस इंड‍िया आ गई. उसने पत‍ि से फोन पर हुई आख‍िरी बातचीत के बारे में बताया. 

हर‍ियाणा: फोन पर हेलो-हेलो करती रह गई पत्‍नी, द‍िल्‍ली से पत‍ि क‍िडनैप; करनाल में म‍िली लाश 
रेशमी ने बताया कि मानव से बात करते करते अचानक उसका फोन कट गया.

करनाल के जीटी रोड पर बसताड़ा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की पहचान होने के बाद मामला और भी रहस्यमयी हो गया है.  मृतक की पहचान मानव (33) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर का रहने वाला था, और मलेशिया में रहकर काम करता था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानव को दिल्ली से अगवा किया गया. फ‍िर उसकी हत्या के बाद शव को करनाल लाकर फेंक दिया गया. घटना ने न सिर्फ करनाल बल्कि दिल्ली और पंजाब तक हलचल मचा दी है. परिवार सदमे में है, और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है. 

अचानक बंद हो गया फोन 

मृतक की पत्नी रेशमी ने बेहद भावुक अंदाज में पूरी आपबीती सुनाई. रेशमी ने बताया क‍ि वह मलेशिया की रहने वाली है, और 14 मई की रात दोनों दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकले थे. 15 मई की सुबह उसकी फ्लाइट थी. मानव ने पत्नी और बच्चों को एयरपोर्ट पर छोड़ा, और कहा था कि वह 16 मई की फ्लाइट से वह भी मलेशिया पहुंच जाएगा.  रेशमी ने बताया कि 15 मई की रात करीब 11 बजकर 50 मिनट तक उसकी मानव से फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत सामान्य थी. अचानक मानव का फोन बंद हो गया. पहले लगा कि शायद नेटवर्क की समस्या होगी, लेकिन कुछ देर बाद परिवार की चिंता बढ़ गई. बाद में सास ने फोन कर बताया कि मानव लापता है. यह खबर सुनते ही रेशमी 18 मई की रात बच्चों के साथ वापस भारत लौट आई. 

"दो लोग बाइक पर बैठाकर ले गए थे"

पत्नी रेशमी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मानव को दो लोग बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे. उन्होंने कहा था कि कुछ डॉक्यूमेंट चेक करने हैं. रेशमी के अनुसार, उन लोगों में एक सरदार युवक भी शामिल था. हालांकि मानव उन लोगों को जानता था या नहीं, इस बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है. यही जानकारी अब पुलिस जांच का सबसे अहम हिस्सा बन चुकी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह पहले से रची गई साजिश थी या फिर किसी पहचान के जरिए मानव को फंसाया गया. 

शव पर चोट के निशान मिले 

शव पर चोट के निशान और कान के पीछे गोली का जख्म 16 मई की सुबह करीब साढ़े सात बजे राहगीरों ने बसताड़ा के पास प्लाजा के नजदीक झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में युवक के सिर और शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं. इसके अलावा कान के पीछे गोली लगने का निशान भी पाया गया, जिसके बाद हत्या की आशंका और मजबूत हो गई. पुलिस को शक है कि हत्या कहीं और की गई और शव को सुनसान इलाके में फेंककर आरोपी फरार हो गए. 

पोस्टमार्टम को लेकर परिवार परेशान 

मानव के परिवार की सबसे बड़ी चिंता अब पोस्टमार्टम और जांच को लेकर बनी हुई है. परिवार का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं था कि पोस्टमार्टम कौन करवाएगा, और मामले की जांच किस राज्य की पुलिस करेगी. मधुबन थाना में कार्यकारी एसएचओ लछमन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करनाल पुलिस करवाएगी, जबकि किडनैपिंग दिल्ली के महीपालपुर इलाके से होने के कारण इसकी जांच दिल्ली पुलिस करेगी. उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ काम कर रही है. 

जांच के बाद ही खुलेगा हत्या का असली राज 

फिलहाल पूरा मामला किडनैपिंग और हत्या का दिखाई दे रहा है. हत्या के पीछे की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है. पुलिस यह जानने में जुटी है कि आखिर मानव को क्यों अगवा किया गया? क्या यह पुरानी रंजिश थी, लूटपाट का मामला था या फिर इसके पीछे कोई और बड़ा कारण छिपा है. अब परिवार को इंसाफ का इंतजार है. और पुलिस पर दबाव है कि वह इस हाईप्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी जल्द से जल्द सुलझाए. 

यह भी पढ़ें: 48 डिग्री का प्रहार, देश में सबसे ज्यादा तापमान कहां, दिल्ली-यूपी, बिहार में इस हफ्ते राहत या आफत?

लेखक के बारे में
img
Ankur Kapoor
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana, Karnal, Wife, Husband, Husband Kidnapped In Delhi, Dead Body Found Karnal, Delhi Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com