विज्ञापन

मुरथल में केक कटने से पहले ही उजड़ गया परिवार, बेटे का जन्मदिन मनाने दिल्ली से निकलीं दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत

Delhi Family Accident Haryana: दिल्ली के उत्तम नगर से बेटे का जन्मदिन मनाने मुरथल आ रहे परिवार के साथ सोनीपत में बड़ा हादसा हो गया. NH-44 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को ऐसी टक्कर मारी कि दो सगी बहनों की मौके पर ही जान चली गई. ज्यादा डिटेल्स के लिए पढ़ें रमेश कुमार की यह रिपोर्ट.

मुरथल में केक कटने से पहले ही उजड़ गया परिवार, बेटे का जन्मदिन मनाने दिल्ली से निकलीं दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत
सोनीपत NH-44 पर भीषण हादसा, मुरथल जा रही कार को ट्रक ने मारी टक्कर; दिल्ली की दो सगी बहनों की मौत, 3 घायल
NDTV Reporter

Road Accident Today: हरियाणा के सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. राई थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध गोल्डन हट ढाबा (Golden Hut Punjabi Dhaba) के सामने एक बेकाबू ट्रक ने खड़ी कार को पीछे से इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि दो सगी बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. यह परिवार दिल्ली (Delhi) से बड़े चाव के साथ मुरथल के ढाबों (Murthal Sukhdev Dhaba) पर जन्मदिन की पार्टी मनाने निकला था.

सामान लेने के लिए रुकी थी कार

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली मंदीप कौर अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए अपनी बहनों और परिवार के साथ महिंद्रा TUV-300 कार में सवार होकर मुरथल के लिए निकली थीं. जब उनकी कार राई थाना क्षेत्र में गोल्डन हट ढाबा के पास पहुंची, तो परिवार कुछ सामान लेने के लिए वहां रुका. तभी पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. 

हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें गाड़ी पीछे से आधी पिचकी हुई नजर आ रही है और ट्रक रोड के साइड में लगी रेलिंग को तोड़कर रुका है.

दो बहनों ने मौके पर तोड़ा दम, तीन की हालत गंभीर

इस दिल दहला देने वाले हादसे में मंदीप कौर और उनकी सगी बहन मनप्रीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में सवार तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

Sonipat Accident Today

Photo Credit: NDTV Reporter

ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार, जांच में जुटी पुलिस

हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दोनों मृतकाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है. पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें:- क्या नर्वस थे वैभव सूर्यवंशी? ‘बुमराह के खिलाफ फर्स्ट बॉल में छक्का हमेशा मेरे माइंड में रहेगा, पर बोल्ट को जो छक्का मारा वो..'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com