विज्ञापन

पुलिस की गाड़ी में बैठकर एग्जाम सेंटर तक पहुंचेंगे NEET अभ्यर्थी! हरियाणा सीएम ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 3 मई 2026 को होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की है. उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए हैं. चंडीगढ़ से गुरप्रीत चिन्ना की रिपोर्ट

पुलिस की गाड़ी में बैठकर एग्जाम सेंटर तक पहुंचेंगे NEET अभ्यर्थी! हरियाणा सीएम ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 3 मई 2026 को होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की है.

Haryana News: हरियाणा में 3 मई 2026 को होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह से अलर्ट है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ अहम बैठक की. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा हर हाल में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. इसके साथ ही 26 अप्रैल को होने वाली एचसीएस परीक्षा के लिए भी कड़े प्रबंध करने को कहा गया है.

सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष जोर

सीएम सैनी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी 175 परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए. इन केंद्रों पर करीब 65,300 बच्चे परीक्षा देने पहुंचेंगे. छात्रों को समय पर पहुंचने में कोई दिक्कत न हो इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने को कहा गया है. अगर किसी छात्र को जरूरत पड़ती है तो वह परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए डायल 112 की मदद भी ले सकेगा. केंद्रों के बाहर एंबुलेंस तैनात रहेंगी और अभिभावकों के रुकने के लिए पार्किंग का खास इंतजाम होगा.

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर

मुख्यमंत्री ने सख्त हिदायत दी है कि पेपर से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सोशल मीडिया के जरिए कड़ी नजर रखी जाए. प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए और सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रहने चाहिए. गौरतलब है कि हाल ही में सफल सीईटी परीक्षा के लिए केंद्र सरकार ने भी हरियाणा प्रशासन की तारीफ की है.

एनटीए की खास तैयारियां और नियम

बैठक में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि परीक्षा ऑफलाइन मोड में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. छात्रों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश मिलेगा.

इस बार सुरक्षा के लिहाज से बायोमेट्रिक चेकिंग दोगुनी कर दी गई है. महिला और पुरुष उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग लाइनें होंगी. हर 100 बच्चों पर एक चेकिंग काउंटर और 48 बच्चों पर एक बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाएगी. 30 अप्रैल तक सभी जगह सीसीटीवी और जैमर लग जाएंगे. जैमर दोपहर 1:45 बजे चालू होंगे ताकि एंट्री के वक्त बायोमेट्रिक प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो.

.यह भी पढ़ें- जयपुर में आज IPL मैच और VIP मूवमेंट से इन रास्तों पर है 'नो एंट्री', घर से निकलने से पहले देख लें नई ट्रैफिक गाइडलाइन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Exam 2026 | Chief Minister Nayab Singh Saini | Government Of Haryana | NEET UG Preparations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com