विज्ञापन

हिमाचल के 3 प्रोफेसरों को सरकार ने एक झटके में नौकरी से निकाला, छात्राओं ने लगाए थे गंभीर आरोप

क्लासरूम में गंदी हरकतें और छात्राओं पर बुरी नजर रखने वाले तीन प्रोफेसरों को सरकार ने घर का रास्ता दिखा दिया है. शिमला और हमीरपुर के इन कॉलेजों में जो हुआ, वह जानकर आप भी दंग रह जाएंगे.

हिमाचल के 3 प्रोफेसरों को सरकार ने एक झटके में नौकरी से निकाला, छात्राओं ने लगाए थे गंभीर आरोप
छात्राओं से बदसलूकी करने वाले 3 प्रोफेसरों को सरकार ने किया बर्खास्त. (सांकेतिक तस्वीर)

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग ने एक सख्त फैसला लिया है. छात्राओं के साथ गंदी हरकतें और यौन उत्पीड़न के आरोप में तीन प्रोफेसरों को नौकरी से निकाल दिया गया है. विभाग ने साफ कर दिया है कि जो शिक्षक अपनी मर्यादा भूलकर बेटियों के साथ बदसलूकी करेंगे, उनके लिए सिस्टम में कोई जगह नहीं है. शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने गुरुवार देर शाम को खुद इन तीनों को हटाने के आदेश जारी किए हैं.

कौन हैं ये तीन प्रोफेसर और क्या है इनकी करतूत?

1. प्रोफेसर अनिल कुमार (केमिस्ट्री, हमीरपुर): इन पर आरोप है कि नवंबर 2024 में प्रैक्टिकल क्लास के दौरान इन्होंने एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की. जांच में पता चला कि ये बार-बार छात्रा को गलत तरीके से छूते थे. जब पुलिस और विभाग ने जांच शुरू की, तो ये साहब डर के मारे फरार भी हो गए थे.

2. प्रोफेसर वीरेंद्र शर्मा (मैथ्स, शिमला): इन्होंने साल 2021 में अपनी एक छात्रा को बहाने से अपने घर बुलाया. वहां इन्होंने छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. लड़की ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह वहां से बचकर अपनी जान बचाई.

3. प्रोफेसर पवन कुमार (डांस, शिमला): इनकी कहानी तो और भी चौंकाने वाली है. ये डांस प्रैक्टिस के बहाने छात्राओं को देर रात अपने घर बुलाते थे और वहां उन्हें रातभर रुकने के लिए मजबूर करते थे. इन्होंने न सिर्फ एक छात्रा के साथ बदतमीजी की, बल्कि मामले को दबाने के लिए लड़की के परिवार पर दबाव भी डलवाया.

'भरोसा तोड़ने वालों की खैर नहीं'

शिक्षा विभाग की जांच में ये तीनों प्रोफेसर दोषी पाए गए. इन्होंने जो सफाई दी, उससे सरकार संतुष्ट नहीं हुई. शिक्षा सचिव ने अपने आदेश में साफ लिखा कि टीचर और स्टूडेंट का रिश्ता भरोसे का होता है. इन लोगों ने उस पवित्र रिश्ते को शर्मसार किया है. इनकी हरकतों से न सिर्फ उन लड़कियों का मानसिक नुकसान हुआ, बल्कि पूरे शिक्षा जगत की बदनामी हुई है.

अब क्या होगा?

इन तीनों की सेवा तुरंत प्रभाव से समाप्त कर दी गई है. सरकार के इस कदम से उन सभी लोगों को कड़ा संदेश गया है जो अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर लड़कियों को परेशान करते हैं. विभाग अब कॉलेजों में सुरक्षा और निगरानी को और कड़ा करने की योजना बना रहा है ताकि भविष्य में ऐसी शर्मनाक घटनाएं दोबारा न हों.

ये भी पढ़ें:- कलेक्ट्रेट में जब 'साहब' की कुर्सी उठाकर ले गई टीम, क्या है वो विवाद जिस पर कोर्ट ने लिया एक्शन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com