विज्ञापन
This Article is From Jun 16, 2017

युवक की पुलिस हिरासत में मौत के बाद फिर भड़का पाटीदार आंदोलन, महेसाणा में तनाव

तीन जून को चोरी के आरोप में पकड़े गए पाटीदार युवा केतन पटेल की पुलिस हिरासत में मौत हो गई

युवक की पुलिस हिरासत में मौत के बाद फिर भड़का पाटीदार आंदोलन, महेसाणा में तनाव
महेसाणा में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत के बाद पाटीदार समाज के लोग उग्र विरोध कर रहे हैं.
  • मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया
  • केतन पटेल के शव का दो बार पोस्ट मार्टम हुआ
  • कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी
अहमदाबाद: गुजरात के महेसाणा में पिछले दस दिनों से कभी बंद तो कभी बसें जलाई जा रही हैं. कभी पाटीदार मुंडन करवाकर विरोध कर रहे हैं. वजह है तीन जून को करीब 9000 रुपये की चोरी के आरोप में पकड़े गए पाटीदार युवा केतन पटेल की पुलिस हिरासत में मौत. पाटीदार इसे लेकर गुस्से में हैं और पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज करने की लगातार मांग कर रहे हैं.

पहली बार में पोस्ट मोर्टम में कोई घाव नहीं बताया गया लेकिन जब आंदोलन चला तो फिर से पोस्ट मोर्टम करवाया गया जिसकी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है.बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर घाव थे. पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति आरोप लगा रही है पाटीदारों के साथ पुलिस ज्यादती कर रही है. पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी इसे लेकर न्याय की गुहार लगा चुके हैं.

करीब एक सप्ताह की लड़ाई के बाद आखिर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जिसकी दुकान में से चोरी का आरोप था उसे और एक पुलिस कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन फिर भी मामला ठंडा नहीं हुआ है. महेसाणा एसपी चैतन्य मांडलिक के मुताबिक जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है. इसके हेड एक डीएसपी हैं और उनकी टीम में दो पुलिस इंस्पेक्टर भी होंगे.
 
ketan patel mahesana gujarat
केतन पटेल की फाइल फोटो.

कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार पर आरोप लगाए थे कि सरकार इस मामले में पाटीदारों के साथ अन्याय कर रही है, भाजपा कांग्रेस पर आरोप लगा रही है कि वह मौत पर राजनीति कर रही है. अशोक गहलोत समेत कई नेता आंदोलनकारी पाटीदारों से मुलाकात कर चुके हैं.

भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने कहा कि  कांग्रेस सत्ता के लिए हल्की राजनीति कर रही  है. गुजरात की शांति भंग हो, दंगे हों ऐसी उनकी मंशा है.

इस बीच अब तक केतन पटेल का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है और महेसाणा में पाटीदारों के आंदोलन के चलते तनाव बरकरार है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat, Mahesana, Patidar Movement, Death In Police Custudy, Congress, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com