नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है और इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है. मान्यता है कि इन नौ दिनों में मां दुर्गा की आराधना, मंत्र जाप और भक्ति करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है. मंत्रों का जाप न केवल आध्यात्मिक शांति देता है, बल्कि मन को एकाग्र करने में भी मदद करता है. ऐसे में कई भक्तों के मन में ये सवाल रहता है कि मां दुर्गा के मंत्रों का जाप किस समय करना सबसे शुभ माना जाता है और इसके दौरान किन नियमों का पालन करना चाहिए. आज हम आपको इसी के बारे में बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
मंत्र जाप करने का सबसे सही समय?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ब्रह्म मुहूर्त यानी सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच, मां दुर्गा के मंत्रों का जाप करने का सबसे शुभ समय माना जाता है. इस समय वातावरण शांत रहता है और मन भी एकाग्र होता है, जिससे पूजा और मंत्र जाप में ध्यान लगाना आसान हो जाता है. साथ ही स्नान के बाद सूर्योदय से पहले भी मंत्रों का जाप किया जा सकता है. हालांकि, अगर इस समय उठना संभव न हो तो सुबह 6 बजे के आसपास भी नियमित रूप से मंत्र जाप किया जा सकता है. सबसे जरूरी बात ये है कि मंत्रों का जाप शांत और श्रद्धापूर्वक करना चाहिए.
शाम में कब करें मंत्र जाप?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यास्त का समय भी मंत्र जाप के लिए बेहद शुभ माना जाता है. कई भक्त शाम की आरती के दौरान मां दुर्गा के मंत्रों का जाप करते हैं. आप सूर्योदय के समय दुर्गा गायत्री मंत्र का 108 बार और सूर्यास्त के समय ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे का 108 बार जप कर सकते हैं. माना जाता है कि ऐसा करने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है और मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
किस मंत्र का करें जाप?
नवरात्रि के दौरान 'ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे' का जप करना सबसे शुभ माना जाता है. आप इस मंत्र का प्रतिदिन 108 बार जाप कर सकते हैं. इसके अलावा नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है, इसलिए हर दिन उस देवी स्वरूप से जुड़ा विशेष मंत्र भी जपा जाता है.
यह भी पढ़ें: नमो नमो दुर्गे सुख करनी...नवरात्रि में जरूर पढ़ें ये चालीसा
यह भी पढ़ें: सूखी लाल मिर्च से नजर कैसे उतारें? एस्ट्रोलॉजर साक्षी सिंघल ने बताया नजर उतारने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं