Aghan Amavasya 2026: हर महीने अमावस्या आती है, लेकिन मार्गशीर्ष यानी अगहन महीने की अमावस्या को हमारे यहां बेहद खास माना जाता है. इसे अगहन अमावस्या भी कहते हैं, घर के बड़े-बुजुर्गों और पूर्वजों को याद करने के लिए यह दिन बहुत अच्छा माना गया है. जब हम मन से अपने पितरों के लिए कुछ करते हैं, तो ऐसा माना जाता है कि उनका आशीर्वाद परिवार की तरक्की और शांति के रूप में लौटता है. इस साल यह 8 दिसंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी.
8 दिसंबर को कब से कब तक रहेगी अमावस्या?
मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 12 मिनट पर शुरू होगी और अगले दिन यानी 9 दिसंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 21 मिनट पर खत्म हो जाएगी क्योंकि उदयातिथि और मुख्य पूजा और स्नान 8 दिसंबर को ही होंगे, इसलिए ज्यादातर लोग इसी दिन व्रत, तर्पण और दान करेंगे. अगर आप नदी में नहाने जा रहे हैं या घर पर ही नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिला रहे हैं, तो समय का ध्यान जरूर रखें, ब्रह्म मुहूर्त में नहाना सबसे अच्छा माना गया है, जिसका समय सुबह 5 बजकर 13 मिनट से 6 बजकर 7 मिनट तक रहेगा.
इसे भी पढ़ें: Margashirsha Month 2026: आज से शुरू हुआ मार्गशीर्ष का महीना, जानें इस माह के प्रमुख व्रत-त्योहार की लिस्ट
सुबह उठकर क्या-क्या करना चाहिए?
इस दिन सुबह जल्दी उठ जाएं, हो सके तो सूरज निकलने से पहले, नहाने के बाद सबसे पहले सूर्य देव को जल चढ़ाएं और फिर अपने पूर्वजों के नाम से तर्पण करें. इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा करें और उनके नाम या मंत्र का जप करें. दान के लिए अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 52 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट के बीच का समय दिया गया है. इस दौरान आप अपनी क्षमता के हिसाब से नीचे दी गई चीजें दान कर सकते हैं.
- चावल, आटा और दाल जैसी रोजमर्रा की खाने की चीजें.
- तिल और जरूरी घरेलू सामान.
- सर्दी का मौसम है, तो गर्म कपड़े या कंबल देना अच्छा रहता है.
- ब्राह्मणों या जरूरतमंद लोगों को खाना खिलाना या पैसे से मदद करना.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
इसे भी पढ़ें: बुध का नक्षत्र बदलते ही इन 6 राशियों की खुलने वाली है किस्मत, जानिए कब और क्या होगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं